एक सेंटीमीटर प्रतिघंटा की गति से बढ़ रहा गंगा-यमुना का जलस्तर Prayagraj News
मंगलवार को फाफामऊ में सात छतनाग में पांच और नैनी में जलस्तर में नौ सेंटीमीटर वृद्धि दर्ज की गई। बुधवार को इसमें काफी इजाफा हुआ।
प्रयागराज,जेएनएन। गंगा और यमुना के जलस्तर ने बढ़त में तेजी पकड़ ली है। मंगलवार की अपेक्षा बुधवार को दोनों नदियों के जलस्तर में वृद्धि दर्ज की गई। गंगा में जहां प्रति घंटा एक सेमी. से अधिक जलस्तर बढ़ रहा है वहीं यमुना में भी एक सेमी. प्रति घंटे की रफ्तार से पानी बढ़ रहा है। एनडीआरएफ की टीम ने तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सचेत रहने के लिए कहा है।
खतरे के निशान जलस्तर काफी नीचे
मंगलवार को फाफामऊ में सात, छतनाग में पांच और नैनी में जलस्तर में नौ सेंटीमीटर वृद्धि दर्ज की गई। बुधवार को इसमें काफी इजाफा हुआ। नैनी में 73.92, छतनाग में 73.40 और फाफामऊ में 77.98 मीटर जलस्तर दर्ज किया गया, जो मंगलवार की अपेक्षा अधिक है। हालांकि, अभी खतरे के निशान से पानी काफी नीचे हैं, लेकिन बाढ़ राहत दल की इकाईयां सक्रिय हो गई हैं।
एनडीआरएफ की टीम ने तटीय इलाकों का किया दौरा
बुधवार को एनडीआरएफ की टीम ने कई तटीय गांवों का दौरा कर यहां रहने वाले लोगों को बढ़ते जलस्तर से अवगत कराया। साथ ही कहा कि अब सचेत रहने की जरूरत है। गंगा-यमुना में जिस प्रकार से पानी बढ़ रहा है, उससे आने वाले दिनों में बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं।
जलस्तर कल और आज
नैनी : 73.87 73.92 मीटर
छतनाग : 73.30 73.40 मीटर
फाफामऊ : 77.85 77.98 मीटर
खतरे का निशान - 84.73 मीटर