पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद प्रयागराज में बोले- आमजन के मसले पर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस
पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद आज प्रयागराज में हैं। वह काफिले के साथ सीधे दारागंज स्थित मलिन बस्ती पहुंचे और स्थानीय लोगों से वार्ता के बहाने उनकी नब्ज टटोलने की कोशिश की। कल्याणी देवी में अधिवक्ताओं किसानों व्यापारियों छात्रों और महिलाओं के डेलीगेसी से मुलाकात की।
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद शनिवार को प्रयागराज में थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस बार आमजन के मसले पर आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेगी। यही वजह है कि घोषणा पत्र बनने से पूर्व पार्टी के नेता प्रदेश के अलग-अलग शहरों में पहुंचकर आमलोगों से सीधा संवाद कर रहे हैं, ताकि उनकी समस्याओं को घोषणा पत्र में शामिल कर उनकी आवाज को कांग्रेस अपनी आवाज बना सके।
दारागंज में मलिन बस्ती पहुंचे सलमान खुर्शीद
वरिष्ठ कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद कल्याणी देवी स्थित एक गेस्ट हाउस में पत्रकारों से वार्ता में ये बातें कहीं। मेनीफेस्टो कमेटी की बैठक में शामिल होने पहुंचे खुर्शीद सुबह 11:30 बजे बमरौली एयरपोर्ट पहुंचे। वह काफिले के साथ सीधे दारागंज स्थित मलिन बस्ती पहुंचे और स्थानीय लोगों से वार्ता के बहाने उनकी नब्ज टटोलने की कोशिश की। कल्याणी देवी में अधिवक्ताओं, किसानों, व्यापारियों, छात्रों और महिलाओं के डेलीगेसी से मुलाकात की। पत्रकारों से मुखातिब होते हुए कहा उत्तर प्रदेश में केवल विचाराधारा की समस्या है। उन्होंने कहा जनता भारतीय जनता पार्टी से नाराज है।
शहर उत्तरी को बाढ़ से बचाने के लिए बांध बनवाने की मांग की गई
यहां नेता सदन पार्षद दल मुकुंद तिवारी ने उन्हें ज्ञापन देकर शहर उत्तरी काे बाढ़ से बचाने के लिए बांध बनाने की मांग की। कांग्रेस के प्रवक्ता हसीब अहमद ने हल भेंटकर प्रदेश की समस्या हल करने की मांग की। यहां बाजीराव खाडे, मनीष मिश्र, अनुग्रह नारायण, नफीस अनवर, सुरेश यादव, किशोर, संजय तिवारी, फुजैल हाशमी, जावेद उर्फी आदि उपस्थित रहे।
भाजपा को याद आ गए अब्बा : प्रमोद तिवारी
वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा दलितों के लिए केवल कांग्रेस ने काम किया है। आज गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार सबसे ज्यादा दुखी है। उन्होंने कहा एक कहावत है कि जब मुसीबत आती है तो आदमी को नानी याद आ जाती है। आज भाजपा को अब्बा याद आ रहे हैं। कारण उनके पास महंगाई और जनता की परेशानियों का कोई जवाब नहीं है।