पूर्व सांसद अतीक अहमद गैंग का इनामी सदस्य गिरफ्तार, देवरिया जेल कांड का वांछित है Prayagraj News
वह देवरिया जेल में बंद अतीक से मिलने गया था। उनके कहने पर बमरौली निवासी प्रापर्टी डीलर मो. जैद समेत तीन लोगों का अपहरण कर देवरिया जेल ले जाया गया था।
प्रयागराज, जेएनएन। देवरिया जेल अपहरण कांड मामले में वांछित विजय कुमार राय को स्पेशल टॉस्क फोर्स (एसटीएफ) ने गिरफ्तार कर लिया। वह पूर्व सांसद अतीक अहमद के गिरोह का सक्रिय सदस्य है और उस पर 25 हजार रुपये इनाम घोषित था। वह बिहार से विधानसभा चुनाव लडऩे की भी तैयारी कर रहा था। इसी मुकदमे में अभी इमरान व सद्दाम फरार हैं।
सेना से त्यागपत्र देकर प्रापर्टी डीलिंग करने लगा विजय
विजय राय पुत्र श्रीकांत राय मूलरूप से बिहार के भोजपुर जिले के सहारा थाना क्षेत्र स्थित विनुरखी गांव का रहने वाला है। यहां धूमनगंज थाना क्षेत्र के विष्णुपुरी कॉलोनी में मकान बनवा कर रहता है। 2005 में वह सेना में सिपाही पद पर नियुक्त हुआ और 2011 में त्यागपत्र देकर घर चला आया था। इसके बाद वर्ष 2018 में उसकी मुलाकात अतीक के गुर्गे मरियाडीह निवासी सद्दाम से हुई। फिर उसके साथ प्रापर्टी डीलिंग करने लगा। एक प्लाट बेचने पर उसे दो फीसद कमीशन मिलता था।
देवरिया जेल मामले में विजय राय फरार था
पूछताछ में उसने एसटीएफ को बताया कि दो साल पहले वह देवरिया जेल में बंद अतीक से भी मिलने गया था। इसके बाद उनके कहने पर बमरौली निवासी प्रापर्टी डीलर मो. जैद समेत तीन लोगों का अपहरण कर देवरिया जेल ले जाया गया था, जहां पिटाई हुई थी। पीडि़त ने घटना के कई माह बाद धूमनगंज थाने में पूर्व सांसद समेत 15 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में विजय राय फरार था।
एसटीएफ ने पोंगहट पुल के पास से पकड़ा
सटीक सूचना पर एसटीएफ के इंस्पेक्टर अतुल सिंह व केसी राय ने टीम के साथ उसे पोंगहट पुल के पास से दबोच लिया। एसटीएफ के एडिशनल एसपी नीरज पांडेय का कहना है कि पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह बिहार से विधानसभा चुनाव लडऩे की तैयारी कर रहा था। दावा किया कि मामले में फरार दो अन्य को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।