Coronavirus Prayagraj (Allahabad) News : आठ पॉजिटिव मरीज मिले, लगातार बढ़ रहे केस से शहरवासी हैरान
संक्रमित मरीज नार्थ मलाका ओल्ड बैरहना सिविल लाइंस मीरापुर के ककरहा घाट हंडिया सोहबतिया बाग खलीफा मंडी शाहगंज के रहने वाले हैं। उन्हें कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रयागराज, जेएनएन। बुधवार को फिर प्रयागराज में कोरोना वायरस के आठ संक्रमित मरीज मिले। संक्रमित मरीज नार्थ मलाका, ओल्ड बैरहना, सिविल लाइंस, मीरापुर के ककरहा घाट, हंडिया, सोहबतिया बाग, खलीफा मंडी शाहगंज के रहने वाले हैं। उन्हें कोविड-19 अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने भर्ती कराया है।
इन मोहल्ले के रहने वाले हैं संक्रमित मरीज
सोहबतियाबाग का निवासी राममनोहर लोहिया हॉस्पिटल लखनऊ में भर्ती है। वहीं हंडिया का मरीज मुंबई से पिछले दिनों आया था। आज मिले संक्रमित मरीजों में से एक मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज का स्वास्थ्य कर्मी भी है। लगातार बढ़ रहे संक्रमित मरीजों के कारण शहरवासियों में दहशत का माहौल है।
सरकारी कार्यालय के भी कर्मचारी संक्रमित हो रहे
कोरोना वायरस के मामले बढ़ते जा रहे हैं। इससे सरकारी दफ्तरों और अन्य संस्थाओं के कर्मचारी संक्रमित होने लगे हैं। एयरपोर्ट पर कैंटीन चला रही एक महिला भी मंगलवार को संक्रमित हो गई थी। उसे बेली अस्तपाल में भर्ती कराया गया है। उसके कोरोना संक्रमित होने पर एयरपोर्ट की कैंटीन बंद करके वहां पर सैनिटाइज कराया जा रहा है। महिला के कोरोना पॉजिटिव मिलने पर अन्य लोग भयभीत है। फिलहाल विमानों की आवाजाही पर कोई असर नहीं पड़ा है। इसके अलावा फूलपुर तहसील में तैनात सहायक रजिस्ट्रार कानूनगो को भी कोरोना हो गया है। इनकी पत्नी कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार में बाबू है। उनकी भी जांच गई है। महिला के पति संक्रमित होने पर कलेक्ट्रेट के अन्य बाबुओं की परेशानी बढ़ गई है। कई लोग होम क्वारंटाइन में चले गए हैं। अगर महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो उसके संपर्क में आए कई अन्य बाबुओं को भी कोरोना होने के आसार हैं।
प्रतापगढ़ में कैबिनेट मंत्री के तीन स्वजन समेत चार पाॅजिटिव मिले
प्रतापगढ़ जिले में कोरोना के चार केस बुधवार को और बढ़ गए। इनमें से तीन लोग प्रदेश के ग्राम्य विकास मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह मोती के परिवार के हैं। मंत्री के स्वजनों के संक्रमित होने से स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई। उनको भर्ती किए जाने के लिए जरूरी इंतजाम कोविड जिला अस्पताल में किए गए।
मंत्री मोती सिंह व उनकी पत्नी संक्रमित हैं
चार दिन पहले मंत्री मोती सिंह व उनकी पत्नी का स्वाब टेस्ट लखनऊ में हुआ था। इसमें दोनों पाॅजिटिव आए थे। इनके संपर्क में आने को लेकर परिवार के 32 लोगों का सैंपल भी बाद में लिया गया था। बुधवार को रिपोर्ट आई तो इनकी बहू व दो पोते संक्रमित मिले। अब मंत्री के आवास वाले क्षेत्र सदर बाजार को हाट सपाट घोषित कर दिया गया है. देर रात इसे सील कर दिया जाएगा। अब जिले में पॉजिटिव केस की संख्या 129 हो गई है और अब तक आठ मरीजों की मौत हुई हैl