Move to Jagran APP

सोरांव में कार सवार व्यक्ति और शहर के करेली में मारी युवक को गोली, प्रयागराज पुलिस कर रही हमलावरों की तलाश

शनिवार रात सोरांव इलाके में शहर से कार में घर लौट रहे युवक पर फायरिंग कर दी गई। हाथ पर छर्ऱे धंसने से जख्मी युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।उधर करेली के हाजी नगर मोहल्ले में भी एक युवक को गोली मारने की खबर मिलने पर पुलिस पहुंची

By Ankur TripathiEdited By: Published: Sun, 13 Jun 2021 12:19 AM (IST)Updated: Sun, 13 Jun 2021 12:19 AM (IST)
सोरांव में कार सवार व्यक्ति और शहर के करेली में मारी युवक को गोली, प्रयागराज पुलिस कर रही हमलावरों की तलाश
गोली मारने की दो घटनाओं से मची खलबली, पुलिस ने शुरू की हमलावरों की तलाश

प्रयागराज, जेएनएन। कोरोना कर्फ्यू हटने के बाद प्रयागराज में लगातार आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। शनिवार रात ऐसी दो घटनाओं से पुलिस को एक्शन में आना पड़ा। पहली घटना में सोरांव इलाके में शहर से कार में घर लौट रहे युवक पर फायरिंग कर दी गई। हाथ पर छर्ऱे धंसने से जख्मी युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की तलाश की जा रही है। उधर, शहर में करेली इलाके के हाजी नगर मोहल्ले में भी एक युवक को गोली मारने की खबर मिलने पर पुलिस पहुंची और घटना की जानकारी ली। उसे आपसी झगड़े मे गोली मारने की बात सामने आ रही है।

loksabha election banner

रात में फायरिंग की दो घटनाओं से एक्शन में पुलिस

सोरांव थाना क्षेत्र के लहटी गांव के रहने वाले लवकुश का आरोप है कि वह शनिवार रात करीब नौ बजे शहर से गांव में अपने घर लौट रहा था तभी लहटी बाजार के पास कुछ लोगों ने उस पर फायरिंग कर दी। लवकुश कार में था। उसके हाथ पर छर्ऱे धंसे हैं। वह गाड़ी से निकलकर चीखा तो भीड़ लग गई। आसपास के लोगों से इस घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची सोरांव थाने की पुलिस उसे लेकर अस्पताल पहुंची। पुलिस की पूछताछ में इस बाबत आसपास के लोगों ने बताया कि लवकुश का अपने पड़ोस के ही कुछ लोगों से मारपीट का पुराना मामला चल रहा है। मामले में चौकी इंचार्ज का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। लवकुश के बारे में बताया गया कि वह शहर में एक कंपनी की गाड़ी चलाता है।

फिर शहर में भी मार दी गई गोली

पुलिस इस घटना के बाद जांच में जुटी थी तभी शहर के करेली इलाके के हाजी नगर में भी एक युवक को गोली मारने की खबर फैली। पुलिस ने मौके पर जाकर घटना की जानकारी ली। करेली थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने बताया कि घायल हुए शख्स का नाम फैजान है। उसके कंधे और सीने के बीच गोली लगी  है। इस घटना के बारे में दो तरह की बात सामने आई है। एक तो यह कि कई लड़के नशे में झगड़ा कर रहे थे तभी फायरिंग की गई। दूसरी बात यह आई कि फैजान घर के अंदर चला गया था तब उसे गोली मारी गई। खबर मिलते ही करेली पुलिस के साथ ही अधिकारी पहुंच गए और घटना की जांच शुरू कर दी गई। फायरिंग करने वालों की तलाश में छापेमारी के दौरान कुछ लोगों को पकड़ा गया है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.