चूल्हे से छिटकी चिंगारी ने मचा दी तबाही, Kaushambi की घटना में तीन कच्चे मकान आए दावानल की चपेट में
अम्बे लाल की पत्नी बिनीता दोपहर में घर में खाना बना रही थी तभी चूल्हे से छिटकी चिंगारी ने बगल में रखे कपड़ों में आग भड़क उठी। फिर देखते ही देखते आग फैलती गई और कुछ ही देर में पूरा घर जलने लगा। आग के गोले में तब्दील हो गया।
प्रयागराज, जेएनएन। खाना बनाते वक्त छिटकी चिंगारी ने तैयार हो रहे भोजन सहित पूरा घर खाक कर दिया। और केवल यही घर नहीं, अगल बगल के दो और कच्चे घर भी इस दावानल में जलकर नष्ट हो गए। कौशांबी की इस घटना में आग बुझा तो ली गई लेकिन तब तक में तीन घरों में रख सब कुछ राख हो गया। तीन परिवार बेघर हो गए। आलम यह कि इतनी बड़ी घटना में सूचना देने के बाद भी दमकल दस्ता मौके पर नहीं पहुंच सका।
चूल्हे के बगल में रखे कपड़ों से फैली आग
घटना चायल तहसील के चिकवन का पुरवा गांव की है। इस गांव के अम्बे लाल की पत्नी बिनीता दोपहर में घर में खाना बना रही थी तभी चूल्हे से छिटकी चिंगारी ने बगल में रखे कपड़ों में आग भड़क उठी। फिर देखते ही देखते आग फैलती गई और कुछ ही देर में पूरा घर जलने लगा। घास-फूस और खपरैल से बना कच्चा मकान आग के गोले में तब्दील हो गया। बिनीता ने बच्चों के साथ बाहर भागकर जान बचाई। लोगों ने पानी डालना शुरू कर दिया तब भी आग ने बगल में अम्बे लाल के भाई बनारसी के भी कच्चे मकान को जद में ले लिया। तमाम कोशिशों के बावजूद आग बुझने की बजाय आग भगवान दीन के भी घर तक पहुंच गई। गनीमत रही कि पूरा घर चपेट में नहीं आया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पा लिया। जिससे भगवान दीन का ज्यादा नुकसान नही हुआ।
अम्बेलाल ने बताया कि उसने घर में 12 हजार रुपये नकदी रखे थे। वे भी बाकी सामान समेत जल गए। अम्बेलाल और उसके भाई का परिवार बेघर हो गया। सारा सामान जल गया। खाने और पहनने को भी कुछ नहीं बचा। इतनी बड़ी घटना में खबर देने के घंटों बाद भी दमकल दस्ता गांव में नहीं पहुंचा था।