11 नामजद व 150 अज्ञात पर केस, सीसीटीवी से हो रही उपद्रवियों की तलाश
पुलिस द्वारा अवैध वसूली को लेकर आक्रोशित ट्रक चालकों ने बुधवार को नैनी क्षेत्र में बवाल किया था। पुलिस वाहन में आग लगाई थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपितों पर तीन एफआइआर दर्ज किए।
प्रयागराज : औद्योगिक क्षेत्र के सड़वा मोड़ पर बुधवार की रात ट्रकों से अवैध वसूली को लेकर हुए बवाल में 11 लोगों को नामजद करते हुए 150 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। रिपोर्ट नैनी कोतवाली, औद्योगिक थाने की पुलिस और रोडवेज के चालक की ओर से दर्ज कराई गई है। अब पुलिस बवाल करने वालों की पहचान कर धरपकड़ कर रही है।
ट्रकों से पुलिस वसूली के विरोध में हुआ था बवाल
सड़वा पुलिस बूथ के पास ट्रकों को रोककर वसूली करने के विरोध में बुधवार की रात बवाल हुआ था। ट्रक चालकों और खलासियों ने नैनी कोतवाली की जीप को आग के हवाले कर दिया था। रोडवेज बस में तोडफ़ोड़ भी हुई थी। कोतवाली के दारोगा अरविंद सिंह ने भूपेंद्र तिवारी, रविंद्र तिवारी, प्रमिल तिवारी, इरफान खां, फिरोज खां, इरफान अहमद, नीरज यादव, आयात कुमार, नौशाद, अभिमन्यु कुमार यादव और मनीष बसरिया को नामजद करते हुए 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र महेश सिंह और रोडवेज के चालक राजेंद्र पाठक निवासी पाठकबरी विंध्याचल की ओर से करीब 100 लोगों के खिलाफ बलवा, तोडफ़ोड़ समेत कई धाराओं में मुकदमा कायम कराया गया है। अब पुलिस उपद्रव करने वालों की पहचान कर रही है। पूछताछ के अलावा सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
कई क्षेत्रों में वसूली की चिंगारी, भड़क सकती है आग
औद्योगिक क्षेत्र में ट्रकों को रोक अवैध वसूली पर हुआ बवाल महज बानगी भर है। कई और क्षेत्र में वसूली के खिलाफ आक्रोश भड़क रहा है। छोटी सी चिंगारी आग का रूप ले सकती है। रात की वसूली में टॉप पर यमुनापार ही है। नए यमुना पुल से शुरू हुआ वसूली का खेल घूरपुर तक जाता है। यहां खाकी के साथ युवकों के गैंग का गठजोड़ है। राजनीतिक दलों के दबंगों के संरक्षण में लाखों रुपये महीना वसूला जाता है। बताया जाता है कि जाम लगवाकर अवैध खनन की गाडिय़ां तीन हजार रुपये प्रति गाड़ी निकाली जाती है। वसूली के चक्कर में रीवा रोड पर पूरी रात जाम की स्थिति बनी रहती है। एक तरफ की सड़क पर वाहनों के आने-जाने से लगे जाम में एंबुलेंस आदि भी फंसी रहती हैं।
काफी दिनों से चल रहा है अवैध वसूली का खेल
ट्रकों को रोक अवैध वसूली का खेल काफी दिनों से चल रहा है। कुंभ मेले के दौरान अवैध वसूली का यह धंधा थोड़ा मंदा जरूर पड़ा था लेकिन पूरे तौर पर बंद नहीं हुआ था। रीवा रोड पर रात एक बजे के बाद युवकों की टोली खाकी के संरक्षण में अपने हिसाब से यातायात संचालन कराती है। वसूली गैंग की कमान कुछ किन्नर भी संभालते हैं, इससे किसी को शक नहीं होता। डांडी, औद्योगिक क्षेत्र, घूरपुर, भीरपुर में भी ट्रकों को रोक वसूली की जाती है। झूंसी में रहिमापुर और सहसों में यही खेल चलता है। पुलिस के अलावा आरटीओ कार्यालय की टीम के नाम पर वसूली होती है। फाफामऊ में पार्क तिराहे पर रात में ट्रकों को रोक वसूली की शिकायतें आती रहती हैं। वसूली के इस खेल में क्षेत्र के दबंग नेताओं की भी मिलीभगत सामने आती रही है।