प्रतापगढ़ में दो अनहोनी, नहर में डूबने से किसान और नदी में डूबने से युवक की गई जान
दो अनहोनी घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। उदयपुर इलाके में खेत की तरफ गए किसान की नहर में डूबने से जान चली गई। एक युवक की सई नदी में डूबने से मौत हो गई। पर्व के दिन इन घटनाओं से दोनों परिवार में कोहराम मच गया है।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रतापगढ़ जनपद में दो अनहोनी घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। उदयपुर इलाके में खेत की तरफ गए किसान की नहर में डूबने से जान चली गई। इसके अलावा लालगंज इलाके में एक युवक की सई नदी में डूबने से मौत हो गई। पर्व के दिन इन घटनाओं से दोनों परिवार में कोहराम मच गया है।
खेत की तरफ गया था किसान
उदयपुर थाना क्षेत्र के पूरे शिव चरन ( रेहुआ लालगंज) निवासी राजेश पांडेय (45) पुत्र राम प्रताप पांडेय प्रतिदिन की तरह बुधवार रात करीब नौ बजे खेत में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले मवेशियों से बचाव के लिए अपने खेत की तरफ गया था। वह सुबह तक घर नहीं लौटा तो परिवार के लोगो ने खोजबीन शुरू की। इसी बीच गुरुवार सुबह कुछ ग्रामीणों ने गांव से गुजरी नहर में उसका शव उतराया देखा तो घर के लोगों को सूचना दी। खबर फैली तो गांव के लोग वहां जुट गए। परिवार के लोग भी आकर रोने बिलखने लगे। इसी बीच खबर पाकर उदयपुर थाने की पुलिस भी वहां पहुंची। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अब इस घटना की जांच हो रही है। सवाल यह है कि रात में भला राजेश क्यों नहर की तरफ जाएगा। इस घटना के पीछे कोई राज तो नहीं।
लालगंज में भी युवक नदी में डूबा
दूसरी घटना लालगंज इलाके की है। गौखाड़ी गांव का पंकज सिंह (35) पुत्र जितेंद्र सिंह की सई नदी में डूबने से मौत हो गई। उसका शव गांव के ही घाट पर मिला। खबर फैली तो वहां भीड़ लग गई। परिवार के लोग गम में डूब गए। सुबह रिश्तेदारों के आने के बाद पंकज का शव अंतिम संस्कार की खातिर ले जाया गया। परिवार के लोगों ने बताया कि पंकज मानसिक रोग से जूझ रहा था। उसका इलाज भी लखनऊ के अस्पताल से हो रहा था। इसी बीच इस घटना से परिवार के लोग गमजदा हो गए हैं।