आंगनबाड़ी केंद्र पर बच्चे अब खिलौने से खेल सकेंगे, इसके आकर्षण में खिंचे चले आएंगे बच्चे
जिलाधिकारी संजय खत्री ने 15 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को खिलौना साइकिल बर्तन ब्लैक बोर्ड आदि वितरित किया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने कहा कि इससे आंगनवाड़ी केंद्र पर बच्चों की संख्या बढेगी। बच्चों को खेलने के लिए खिलौने मिलेंगे तो उनका मन केंद्र पर लगेगा।
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की संख्या बढ़ाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसी के तहत आंगनबाड़ी केंद्र पर अब बच्चों को खेलने के लिए खिलौने भी मिलेंगे। इससे केंद्र की तरफ बच्चों का आकर्षण बढेगा और उनकी संख्या में भी वृद्धि होगी। प्रयागराज में इसकी शुरूआत भी हो रही है। यमुनापार के 15 आंगनबाड़ी केंद्रों में अब बच्चे खिलौने से खेल सकेंगे।
जिलाधिकारी ने 15 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को खिलौना आदि दिए
प्रयागराज के जिलाधिकारी संजय खत्री ने 15 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को खिलौना साइकिल, बर्तन, ब्लैक बोर्ड आदि वितरित किया। डीएम ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने पूछा कि इस खिलौने से क्या फायदा होगा तो उन्होंने बताया कि इससे आंगनवाड़ी केंद्र पर बच्चों की संख्या बढेगी। बच्चों को खेलने के लिए खिलौने मिलेंगे तो उनका मन केंद्र पर लगेगा। जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों को बेहतर तरीके से संचालित करने, स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण, धात्री महिलाओं का ध्यान रखने आदि की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सलाह दी।
डीपीओ ने आंगनबाड़ी केंद्रों में सुविधाओं से ग्रामीणों को अवगत करने को कहा
डीपीओ मनोज राव ने खिलौने की सूची का एक प्रमाण पत्र भी कार्यकर्ताओं को दिया। उन्होंने ग्रामीणों को केंद्र पर मिल रही सुविधाओं के बारे में जागरूक करने के लिए निर्देशित किया। इस दौरान विकास भवन अध्यक्ष राजेंद्र कुमार त्रिपाठी, संजीता सिंह, अपर्णा मिश्रा, कुसुम साहू, विभा देवी, सुनीता देवी, उमा सिंह, सरिता जायसवाल, मीना कुमारी, विकास कुमारी, किरण देवी, कंचन देवी, कुसुम कली आदि उपस्थित रहीं।
इन आंगनबाड़ी केंद्रों को दिया गया खिलौना
जिलाधिकारी ने जिन आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ताओं को बच्चों के खिलौने वितरित किए उनमें, कोरांव के बैदवारकला, पटेहरी, अयोध्या, देवघाट, अल्हवा हैं। वहीं मेजा के डेलौहा, बरसैता, तेंदुआकला, मेजा, तेंदुआकला द्वितीय व शंकरगढ़ के लोहगरा, गाढ़ा कटरा, बनबिहरिया, बसहरा उपहार, बेनीपुर आंगनबाड़ी केंद्र हैं।