पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोत्तरी से सब हैं परेशान, अब प्रयागराज में भाजपाई भी बोले, दाम कम करे सरकार
प्रयागराज में भाजपा के नवनिर्मित कार्यालय में पंचायत चुनाव को लेकर बैठक बुधवार को हुई। इसमें संगठनात्मक तैयारियों को जांचा गया। खास बात यह कि भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नरेंद्र देव पांडेय ने सरकार से पेट्रोल डीजल की कीमतों को कम करने की मांग की।
प्रयागराज, जेएनएन। गैस और पेट्रोल व डीजल की कीमतों में बढ़ोत्तरी का लगातार विरोध किया जा रहा है। आम लोग इस वृद्धि से परेशान हैं तो विरोधी दल धरना प्रदर्शन के जरिए मुखालफत कर रहे हैं। अब सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी में भी इस बढ़ोत्तरी के खिलाफ आवाज उठी है। मांग की गई है कि कीमत की जाए।
कम हो कीमत क्योंकि जनता के बीच जाने पर उठेगा यह मुद्दा
प्रयागराज में भाजपा के नवनिर्मित कार्यालय में पंचायत चुनाव को लेकर बैठक बुधवार को हुई। इसमें संगठनात्मक तैयारियों को जांचा गया। खास बात यह कि भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नरेंद्र देव पांडेय ने सरकार से पेट्रोल डीजल की कीमतों को कम करने की मांग की। कहा कि जब पार्टी के कार्यकर्ता जनता के बीच जाएंगे तो यह मुद्दा जरूर उठेगा। इस परिस्थिति से निपटने के लिए भाजपा सरकार को ठोस कदम उठाना चाहिए। वहां मौजूद लोगों ने भी इस मुद्दे पर सहमति जताई।
कार्यकर्ता जाएं लोगों के बीच और बढ़ाएं सक्रियता
इससे पूर्व मुख्य अतिथि पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष ओंकार केसरी ने कार्यकर्ताओं को संगठित होने की हिदायत दी। कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने के लिए जरूरी है कि ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत में भाजपा के कार्यकर्ता प्रतिनिधित्व करेगें। बैठक में सभी जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, ब्लाक संयोजकों, वार्ड प्रभारियों, वार्ड संयोजकों को बताया गया कि वह किस तरह से चुनाव लड़ें। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष यमुनापार विभवनाथ भारती ने की। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष शिवदत्त पटेल, विभूति नारायण सिंह, कृष्ण दास गुप्ता मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी मौजूद रहे।