Police Encounter in Prayagraj : लगातार दूसरी रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, एक अपराधी को लगी गोली
गुरुवार रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ की एक और घटना हो गई। नैनी इलाके में अरैल तटबंध मार्ग पर गुरुवार रात वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच आमना सामना हो गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली धंसने से एक बदमाश घायल हो गया
प्रयागराज, जेएनएन। जनपद में लगातार दूसरे दिन गुरुवार रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ की एक और घटना हो गई। नैनी इलाके में अरैल तटबंध मार्ग पर गुरुवार रात वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच आमना सामना हो गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली धंसने से एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।
बाइक पर थे अपराधी, पुलिस ने रोका तो झोंका फायर
नैनी थाने की पुलिस के मुताबिक गुरुवार की रात 8:45 बजे पुराने यमुना पुल के समीप वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। उसी दौरान बाइक सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया। रुकने की बजाय वह भागने लगे। पुलिस ने जब शक होने पर उस बाइक का पीछा किया तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की ओर से जवाबी फायरिंग में एक अपराधी सड़क पर गिर गया जबकि उसका साथी बाइक लेकर भाग गया। उसका पीछा किया गया मगर वह पकड़ में नहीं आया। इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक पुलिस की फायरिंग में घायल बदमाश मेजा थाना क्षेत्र के बकचुंदा गांव निवासी अशोक पासी पुत्र परशु है। उसे अस्पताल ले जाया गया है। उसके पास तमंचा और कारतूस मिले हैं। पुलिस के मुताबिक अशोक पासी के खिलाफ कई थानों में हत्या समेत करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज है। पुलिस काफी दिनों से उसकी तलाश कर रही थी। उल्लेखनीय है कि बुधवार रात भी यमुनापार के ही कौंधियारा इलाके में एसओजी के साथ मुठभेड़ में ट्रक लुटेरा सलमान गोली लगने पर घायल हो गया था।