जादू-टोना के शक में भाई की लाठी से पीटकर की हत्या Prayagraj News
घर की दीवार लांघकर राजू और उसके परिजन घर में घुस गए और छत पर मिले राम आसरे की लाठी से पीटकर हत्या कर दी।राम पियारी छत पर पहुंची तो वहां राम आसरे का खून से लथपथ शव देखा।
प्रयागराज, जेएनएन। पडोसी जनपद प्रतापगढ़ के लालगंज कोतवाली क्षेत्र के वीरभद्रपुर गांव में जादू-टोने के चक्कर में छोटे भाई ने लाठी-डंडे से पीटकर बड़े भाई की हत्या कर दी। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित भाई सहित चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने मृतक की भतीजी को गिरफ्तार कर लिया है।
तीन साल से मुख्य आरोपित का बेटा चल रहा बीमार
वीरभद्रपुर गांव निवासी राम आसरे सरोज (55) पुत्र रामहरख घर पर पत्नी राम पियारी के साथ रहता था। उसके छोटे भाई राजू सरोज का बेटा मंजेश (25) करीब तीन साल से बीमार चल रहा है। राजू को शक था कि उसके बड़े भाई राम आसरे के जादू-टोना कराने से उसका बेटा बीमार रहता है। इसी बात को लेकर शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे राम आसरे और राजू में कहासुनी हुई थी। आस-पास के लोगों के बीच-बचाव करने पर मामला शांत हो गया था। इसके बाद खाना खाने के बाद राम आसरे और उसकी पत्नी घर में सो रहे थे। आरोप है कि रात करीब साढ़े 11 बजे राजू उसकी पत्नी अनारकली, बेटा विपिन व बेटी अंजली राम आसरे के घर पहुंचे और गाली गलौच करते हुए दरवाजा खोलने को कहने लगे।
डर के कारण राम आसरे छत पर चढ़ गया था
अचानक दरवाजा पीटने की आवाज सुनकर राम आसरे, उसकी पत्नी की नींद खुल गई। डर के कारण राम आसरे छत पर चढ़ गया, जबकि उसकी पत्नी घर में एक कोने में दुबक गई। इस बीच घर की दीवार लांघकर राजू और उसके परिजन घर में घुस गए और छत पर मिले राम आसरे की लाठी से पीटकर हत्या कर दी। हमलावरों के जाने के बाद पति को ढूंढ़ते हुए राम पियारी छत पर पहुंची तो वहां राम आसरे का खून से लथपथ शव देखकर चीखने लगी।
मुख्य आरोपित की बेटी को पुलिस ने हिरासत में लिया
शोर सुनकर गांव के लोग भी जुट गए। सूचना पर रात करीब एक बजे पंहुची पुलिस शव को कोतवाली ले गई। वहां से शनिवार की सुबह पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस घटना में पुलिस ने मृतक की पत्नी राम पियारी की तहरीर पर राजू सरोज, उसकी पत्नी अनारकली, बेटे विपिन, बेटी अंजली के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने दबिश देकर अंजली को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपित घर से फरार थे। इस बारे में कोतवाल राकेश भारती का कहना है कि जादू-टोना कराने की शंका पर अधेड़ की लाठी डंडे से पीटकर हत्या की बात सामने आ रही है।
चार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज
राम आसरे सरोज की पत्नी की तहरीर पर राजू सहित चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। एक आरोपित अंजली को गिरफ्तार किया गया है। अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है। सीओ लालगंज रमेशचंद्र ने बताया कि प्रारंभिक जांच में राम आसरे की हत्या की वजह जादू टोना के शक में किए जाने की बात आ रही है। जमीन के रंजिश की भी बात सामने आ रही है। मुख्य आरोपित राजू की बेटी को गिरफ्तार किया गया है। घटना की असली वजह जादू टोना है या जमीन की रंजिश, जांच पूरी होने के बाद ही वजह स्पष्ट हो सकेगी।
तीन साल से बीमार है आरोपित का बेटा
राम आसरे सरोज की एक बेटी है, जिसकी वह शादी कर चुका था। वह अपने ससुराल में रहती है। यहां घर पर राम आसरे पत्नी राम पियारी के साथ रहता था। राम आसरे के सगे छोटे भाई राजू का एक बेटा मंजेश (25) करीब तीन वर्ष से बीमार है। उसे आए दिन दौरा पड़ता रहता है। चिकित्सकों से इलाज कराने और कई जगह झाड़-फूंक कराने पर भी वह ठीक नहीं हो पा रहा है। ऐसे में राजू और उसके परिवार के लोगों को शंका थी कि उसके भाई राम आसरे सरोज ने जादू-टोना करा दिया है। इसी बात को लेकर राजू का बड़े भाई राम आसरे व भाभी राम पियारी से अक्सर विवाद होता रहता था। आखिर फिर जादू टोना के शक में राजू की भाई और भाभी से कहासुनी हुई थी।
बेटे के बाद अब पति का साथ छूटा
राम आसरे सरोज का एक बेटा सूरज भी था। वह करीब 18 साल का था। साल भर पहले बीमारी से उसकी मौत हो गई थी। बेटे की मौत के गम में राम पियारी को पति राम आसरे सरोज का सहारा था। एक शक में देवर ने परिजनों के साथ राम आसरे को मार डाला। पति की हत्या से राम पियारी का सुहाग भी उजड़ गया। कोख तो साल भर पहले ही सूनी हो गई थी।
जमीन की भी थी रंजिश
राम आसरे तीन भाई था। सबसे बड़ा राम आसरे था। उससे छोटा किशोरी और सबसे छोटा राजू है। राजू के पिता राम हरख के नाम पांच बीघा जमीन थी। साल भर पहले राजू ने पिता से पूरी जमीन की वसीयत अपने नाम करा ली थी। इसे लेकर राम आसरे और उसके छोटे भाई राजू में विवाद होता था। ऐसे में घटना जादू-टोने के साथ जमीन की रंजिश से भी जुड़ी हो सकती है।
सिर पर चोट से हुई मौत
राम आसरे के सिर पर लाठी डंडे से वार किया गया था। सिर पर लगी चोट से उसकी मौत हुई, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह बात सामने आई है। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर घर चले गए। सूर्यास्त होने के कारण परिजन राम आसरे के शव का अंतिम संस्कार रविवार को करेंगे।