प्रवास के दौरान फूलपुर को साधेंगी उमा!
-59वां जन्मदिन मनाने आज आ रही हैं प्रयाग -आठ मई तक रुकने की जताई जा रही संभावना जागरण्
-59वां जन्मदिन मनाने आज आ रही हैं प्रयाग
-आठ मई तक रुकने की जताई जा रही संभावना
जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : केंद्रीय मंत्री उमा भारती अपना 59वां जन्मदिन प्रयाग (इलाहाबाद) में मनाएंगी। यह पहला मौका है जब उमा अपना जन्मदिन मनाने प्रयाग आ रही हैं। भजन, पूजन के साथ करीबी लोगों से मुलाकात करेंगी। वैसे उमा की यात्रा व्यक्तिगत बताई जा रही है। लेकिन उसके राजनीतिक निहितार्थ भी निकाले जा रहे हैं, क्योंकि वह लगातार पांच दिन तक यहां रुकेंगी। आठ मई को झूंसी में स्वच्छता अभियान में शिरकत करना है। विश्वस्त सूत्रों का दावा है कि प्रयाग प्रवास के दौरान उमा फूलपुर संसदीय क्षेत्र में अपनी जमीन तलाशेंगी। यही कारण है कि वह कब क्या करेंगी? और किससे मिलेंगी? उसे अत्यंत गुप्त रखा गया है। इसकी जानकारी भाजपा नेताओं को भी नहीं है।
प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की कर्मभूमि रही फूलपुर संसदीय क्षेत्र में 2014 में भाजपा ने पहली बार जीत हासिल की। मौजूदा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने यहां तीन लाख से अधिक वोटों से विजयी हुए थे। लेकिन उसी सीट के उपचुनाव में भाजपा को करारी शिकस्त खानी पड़ी। वहीं 2019 लोकसभा चुनाव में सपा-बसपा गठबंधन होने पर भाजपा की स्थिति और खराब हो सकती है। दलित, पिछड़ा बाहुल्य फूलपुर सीट पर भाजपा के पास लोकप्रिय चेहरा फिलहाल अभी कोई नहीं है। उमा अपने मौजूदा संसदीय क्षेत्र झांसी से चुनाव न लड़ने की घोषणा कर चुकी हैं। कभी उमा के करीबी भाजपा के मौजूदा प्रदेश मंत्री अमरपाल मौर्य फूलपुर उपचुनाव के सहप्रभारी थे, उन्होंने यहां के जातीय समीकरण को करीब से देखा है। इसके बाद उमा का पांच दिन तक प्रयाग में रुकने को उनके अगली चुनावी तैयारी के रूप में देखा जा रहा है। वरिष्ठ भाजपा नेता नरेंद्रदेव पांडेय का कहना है कि उमा भारती हर वर्ग में लोकप्रिय, ईमानदार नेता हैं। वह फूलपुर से चुनाव लड़ती हैं तो सपा-बसपा और कांग्रेस का गठबंधन होने के बावजूद बड़ी जीत दर्ज करेंगी। उमा भारती की करीबी पूर्व उपमहापौर अनामिका चौधरी का कहना है कि उमा का तीन से आठ मई तक प्रयाग में रुक सकती हैं। यह उनकी धार्मिक यात्रा होगी, उसके कोई राजनीतिक निहितार्थ नहीं निकाले जाने चाहिए।
---------
यह है उमा का कार्यक्रम
तीन मई 1959 को मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में जन्मीं उमा भारती का गुरुवार को जन्मदिन है। केंद्रीय मंत्री उमा भारती तीन मई को प्रयाग आएंगी। सर्किट हाउस में कुछ देर रुकने के बाद संगम दर्शन, पूजन के लिए जाएंगी। दोपहर में करीबी लोगों से मुलाकात करेंगी। शाम को शंकराचार्य आश्रम में गंगा संरक्षण पर संगोष्ठी एवं स्वयं के सम्मान समारोह में शिरकत करेंगी। इसमें दिव्य प्रेम सेवा मिशन के संस्थापक आशीष गौतम सहित उमा के करीबी लोग रहेंगे। जगद्गुरु स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती संयोजन करेंगे। फिर उमा आठ मई तक यहां प्रवास करके क्षेत्र का भ्रमण व करीबी लोगों से मुलाकात करेंगी। आठ मई को झूंसी में उन्हें गंगा स्वच्छता अभियान में शिरकत करना है। व्यवस्था में लगे कथावाचक आचार्य शांतनु जी महाराज का कहना है कि उमा का कार्यक्रम अचानक बदल सकता है, इसलिए अभी सबकुछ तय है यह कहना उचित नहीं होगा।