औद्योगिक क्षेत्र में युवक की पीटकर हत्या, शादी समारोह में नशे में हुड़दंग कर रहा था Prayagraj News
शक्तिमान शराब के नशे में धुत था। वह स्टेज पर चढ़कर हुड़दंग करने लगा। वहां मौजूद लोगों ने शक्तिमान को ऐसा करने से मना किया तो मारपीट करने लगा। पिटाई से उसकी मौत हो गई।
प्रयागराज, जेएनएन। नैनी में औद्योगिक इलाके की शादी समारोह में शराब के नशे में एक युवक हुड़दंग कर रहा था। लोगों ने मना किया तो मारपीट करने लगा। इससे आक्रोशित लोगों ने लाठी-डंडा से पीटकर युवक को मौत के घाट उतार दिया। वारदात का पता चला तो युवक के परिवार के लोग बरातियों पर पथराव कर दिया। पुलिस पहुंची और किसी तरह स्थिति को संभाला। मामले में पांच लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज हुआ है।
इतना मारा कि वह बेदम हो गया शक्तिमान
औद्योगिक क्षेत्र के अजवइया गांव निवासी जय सिंह यादव की बेटी सरिता की गुरुवार को शादी थी। रात में करछना के डीहा गांव से बरात पहुंची। हंसी-खुशी के माहौल में जयमाल की रस्म अदा की जा रही थी। शादी समारोह में अजवइया गांव निवासी स्व. रामदुलारे कोल का करीब 25 वर्षीय पुत्र शक्तिमान कोल भी मौजूद था। बताते हैं कि शक्तिमान शराब के नशे में धुत था। वह स्टेज पर चढ़कर हुड़दंग करने लगा। वहां मौजूद लोगों ने शक्तिमान को ऐसा करने से मना किया। इस पर वह मारपीट करने लगा। इससे आक्रोशित कुछ लोगों ने लाठी-डंडे से उसकी पिटाई करने लगे। इतना मारा कि वह बेदम हो गया।
पथराव करने लगे तो मच गई अफरा-तफरी
अन्य लोगों ने उसे पिटाई करने वालों से छुड़ाया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर शक्तिमान की मौत की जानकारी होने पर पिटाई करने वाले वहां से फरार हो गए। तब तक शक्तिमान के घरवाले भी पहुंच गए। आक्रोशित लोग बरातियों पर पथराव करने लगे। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच सूचना पाकर कई थानों की पुलिस भी पहुंची। आक्रोशित लोगों को शांत कराया और जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में ले लिया।
पांच के खिलाफ हत्या का केस दर्ज
मृतक शक्तिमान के भाई राजेश कोल ने आरोपितों के खिलाफ थाने में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जय सिंह यादव, राम सिंह यादव समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है। फिलहाल तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।