Covid Vaccine की दूसरी डोज लगाने के बाद भी प्रयागराज में डा. जेके मिश्रा की मौत, पत्नी भी पॉजीटिव
मम्फोर्डगंज निवासी डा. जगदीश कुमार मिश्रा और उनकी पत्नी डा. रमा मिश्रा ने पहली मार्च को बेली अस्पताल में वैक्सीन की पहली डोज लगवाई थी। सात अप्रैल को इन दोनों ने दूसरी डोज लगवाई। तीन दिनों पहले दंपती कोरोना पॉजिटिव हो गए। उन्हें स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
प्रयागराज, जेएनएन। कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने उन्हें भी प्रभावित किया है जो कोविड-19 की वैक्सीन लगवा चुके हैं। इनमें तमाम ऐसे भी हैं जिन्होंने दूसरी डोज भी लगवा ली थी। लेकिन, एंटीबाडी बनने की अनुमानित अवधि से काफी पहले ही वे संक्रमित हो गए। इनमें दूसरी डोज लगवाने वाले एक संक्रमित सेवानिवृत्त डाक्टर जगदीश कुमार मिश्र की तो शुक्रवार को मौत हो गई। उनकी पत्नी सेवानिवृत्त डाक्टर रमा मिश्रा स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय के कोविड वार्ड में भर्ती हैं। वैक्सीन लगवाने के बाद भी संक्रमित होने और मौत का यह प्रयागराज में पहला केस है।
वैक्सीन लगाकर बेफिक्र होना है गलत
शासन स्तर पर और स्वास्थ्य विभाग की तरफ से भी यह शुरू से ही कहा जा रहा है कि कोविड वैक्सीन लगने के बाद भी सतर्कता जरूरी है। कोरोना से बचने की गाइडलाइन का पालन करते रहना है। लेकिन, वैक्सीन लगने के बाद भी संक्रमित होने से यह संभावना जताई जा रही है कि लोग गाइडलाइन का पालन नहीं कर रहे हैं। कोविड-19 के नोडल अफसर डा. ऋषि सहाय का कहना है कि उनकी जानकारी के अनुसार 60 से 65 लोग वैक्सीन लगवाने के बाद संक्रमित हुए। जबकि अनुमानित तौर पर ऐसे लोगों की संख्या जिले में 200 के आसपास हो सकती है।
एक मार्च को लगवाई थी दंपती ने वैक्सीन
मम्फोर्डगंज निवासी डा. जगदीश कुमार मिश्रा और उनकी पत्नी डा. रमा मिश्रा ने पहली मार्च को बेली अस्पताल में वैक्सीन की पहली डोज लगवाई थी। सात अप्रैल को इन दोनों ने दूसरी डोज लगवाई। तीन दिनों पहले ही दंपती कोरोना पॉजिटिव हो गए। उन्हें स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां डा. जगदीश कुमार मिश्रा की शुक्रवार दोपहर बाद मौत हो गई। डा. रमा मिश्रा ने बताया कि डा. जेके मिश्रा स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय के सबसे पहले हाउस सर्जन थे। उन्हें सर्जरी विभाग का विभागाध्यक्ष बनाया गया था। डा. रमा मिश्रा खुद भी स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में स्त्री एवं प्रसूति विभाग में रही हैं।