नए वर्ष के पहले दिन दर्जनों ट्रेनें लेट, प्रयागराज से होकर जाने वाली ट्रेनों के संचालन पर कोहरे का असर
शनिवार को दिल्ली से प्रयागराज के बीच चलने वाली 12418 प्रयागराज एक्सप्रेस लगातार तीसरे दिन भी लेट हुई। प्रयागराज से राजधानी दिल्ली के बीच चलने वाली यह वीआइपी ट्रेन अपनी राइट टाइमिंग के लिए जानी जाती है लेकिन पिछले तीन दिनों से लगातार यह ट्रेन लेट हो रही है।
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। नव वर्ष 2022 का पहला दिन रेलयात्रियों के लिए कष्टदायी रहा। नए साल के पहले ही दिन ठंड का असर ट्रेनों की रफ्तार पर पड़ा। कोहरा कम होने के बावजूद भी दर्जनों ट्रेनें लेट हुईं। दिल्ली-हावड़ा रूट पर चलने वाली दो ट्रेनें एक दिन पहले 31 दिसंबर 2021 को पांच से सात घंटे लेट थी, उनकी लेटलतीफी शनिवार को कम हुई। हालांकि सभी ट्रेनें राइट टाइम नहीं हो सकी। भोर में धुंध होने के कारण ट्रेनों की गति प्रभावित हो रही है। आने वाले दिनों में जैसे जैसे कोहरा बढ़ेगा, ट्रेनों के लेट होने की संभावना बढ़ती रहेगी।
लगातार तीसरे दिन भी देरी से आई प्रयागराज एक्सप्रेस
शनिवार को दिल्ली से प्रयागराज के बीच चलने वाली 12418 प्रयागराज एक्सप्रेस लगातार तीसरे दिन भी लेट हुई। प्रयागराज से राजधानी दिल्ली के बीच चलने वाली यह वीआइपी ट्रेन अपनी राइट टाइमिंग के लिए जानी जाती है, लेकिन पिछले तीन दिनों से लगातार यह ट्रेन लेट हो रही है। शुक्रवार को यह ट्रेन सात घंटे देरी से सुबह की जगह दोपहर में प्रयागराज पहुंची। शनिवार को यह ट्रेन सुबह सात बजे की जगह 56 मिनट देरी से 7:56 पर प्रयागराज जंक्शन पहुंची।
यह ट्रेनें भी रहीं लेट
नई दिल्ली से वाराणसी जाने वाली 12560 शिवगंगा एक्सप्रेस को भोर में 3:45 बजे प्रयागराज पहुंचना था, लेकिन यह ट्रेन एक घंटा 22 मिनट की देरी से जंक्शन पर आई और यहां से 5:17 बजे रवाना हुई। वाराणसी से दिल्ली जा रही 22436 वंदे भारत एक्सप्रेस 49 मिनट देरी से 12:10 की जगह 12:58 पर प्रयागराज पहुंची।
12428 रीवा एक्सप्रेस एक घंटा नौ मिनट देरी से 7:19 बजे जंक्शन पहुंची।
पुरुषोत्तम व मगध के यात्री भी हुए परेशान
नई दिल्ली से पुरी के बीच चलने वाली 12802 पुरुषोत्तम एक्सप्रेस को सुबह 6:55 बजे जंक्शन पहुंचना था। हालांकि यह ट्रेन एक घंटा 28 मिनट देरी से 8:23 बजे जंक्शन पहुंची। नई दिल्ली से इस्लामपुर के बीच चलने वाली 20802 मगध एक्सप्रेस एक घंटा 13 मिनट देरी से दोहपर 7:33 बजे प्रयागराज पहुंची। कोहरे की वजह से ट्रेनों की टाइमिंग काफी प्रभावित है। इससे यात्री परेशान हैं। जैसे जैसे ठंड व कोहरा बढ़ेगा ट्रेनों की लेट लतीफी आगे भी बढ़ती रहेगी।