सोरांव में ईंट और पत्थर से कूंचकर दंपती की हत्या
भूमि विवाद में सोरांव में दंपती की हत्या कर दी गई। हत्यारों ने ईंट और पत्थर से कूंचकर दोनों को मार डाला। पट्टीदारों के खिलाफ केस दर्ज करने की कार्रवाई चल रही है। आरोपित फरार हैं।
प्रयागराज, जेएनएन। जनपद के सोरांव थाना क्षेत्र के लाल खातून गांव में शुक्रवार की रात नागेंद्र भूषण (34) और उसकी पत्नी मनोरमा की हत्या कर दी गई। दोनों को ईंट-पत्थर से कूंचकर मारा गया है। शनिवार की सुबह दोनों की खून से सनी लाश बरामद हुई। पुलिस अधिकारी गांव में पूछताछ कर रहे हैं। जमीन को लेकर पट्टीदारों से विवाद चल रहा था। नागेंद्र के पिता ने पट्टीदारों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
नागेंद्र के बगल में पिता हरिहर प्रसाद सो रहे थे
हरिहर प्रसाद त्रिपाठी हेड कांस्टेबल के पद से रिटायर हो चुके हैं। वह पुत्र नागेंद्र भूषण, पुत्रवधू मनोरमा 28 और नागेंद्र के 10 व आठ वर्षीय पुत्रों व दो वर्षीय पुत्री के साथ सोरांव थाना क्षेत्र के लाल खातून गांव में मकान बनवाकर रहते हैं। उनका पट्टीदार से भूमि को लेकर विवाद है। शुक्रवार की रात सभी खाना खाकर सो रहे थे। हरिहर के अनुसार वह नागेंद्र के बगल में जमीन पर ही सो रहे थे।
आरोप, पट्टीदार ने सथियों के साथ वारदात को दिया अंजाम
आरोप लगाया कि रात करीब 12 बजे उनका पट्टीदार करीब दस लोगों के साथ घर में आ धमका। जब तक वह कुछ समझ पाते उसके पुत्र नागेंद्र को ईंट-पत्थर से मारने लगे। बकौल हरिहर प्रसाद अचानक हुए वारदात के बाद वह भागकर छत पर गए और नीचे बालू पर कूदकर गांववालों से मदद मांगने गए हालांकि सभी सो रहे थे। इसके बाद वह दौड़कर फिर घर पहुंचे तो देखा पुत्र नागेंद्र और पुत्रवधू मनोरमा लहूलुहान हाल में पड़ी है। चीखने-चिल्लाने पर गांववाले पहुंचे और सभी को अस्पताल ले जाने लगे। हालांकि तब तक दंपती की मौत हो चुकी थी। सुबह सूचना पाकर वहां पहुंची पुलिस ने वारदात स्थल का जायजा लिया। तब तक एसपी गंगापार एनके सिंह भी मौके पर पहुचें। जांच-पड़ताल के बाद लोगों से पूछताछ की। लिखापढ़ी के बाद शवों को कब्जे में लेने की प्रक्रिया पुलिस कर रही थी।
पिता ने थाने में दी तहरीर
हरिहर प्रसाद ने थाने में पट्टीदारों के खिलाफ तहरीर दी है। इसमें तीन को नामजद किया गया है जबकि अन्य को अज्ञात में रखा गया है। फिलहाल पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने की कवायद कर रही है। वहीं आरोपित घर से फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप