उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य बोले-मां सीता पर अपमान जनक टिप्पणी पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की चुप्पी आश्चर्यजनक
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट कर टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी द्वारा जगत जननी मां सीता के प्रति अपमानजनक टिप्पणी पर विरोध जताया है। कहा कि इसके बाद भी पश्चिम बंगाल की सीएम चुप हैं जो कि आश्चर्यजनक है।
प्रयागराज, जेएनएन। टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने जगत जननी मां सीता के प्रति अपमानजनक टिप्पणी की है। फिर भी टीएमसी प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की चुप्पी आश्चर्यजनक है। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट किया कि सांसद कल्याण बनर्जी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग करता हूं। यह घटना देश की महिलाओं का अपमान है।
डिप्टी सीएम ने किया ट्वीट-भारत की राजनीति भाजपा बनाम ऑल की ओर बढ़ चुकी है
उप मुख्यमंत्री ने यह भी ट्वीट किया है कि भारत की राजनीति भाजपा बनाम ऑल की ओर बढ़ चुकी है। कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनका संकल्प है। इसमें भी सब का साथ सब का विकास मूलमंत्र है। पश्चिम बंगाल में भी मोदी लहर की बात कहते हुए लिखा है कि भाजपा की लड़ाई जनता लड़ रही है। टीएमसी कांग्रेस कम्युनिस्टों घुसपैठियों के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी तब 200 से अधिक कमल खिलेंगे। 100 प्रतिशत में 60 प्रतिश मतदाता भाजपा के साथ हैं 40 प्रतिशत में भी भाजपा के लिए समर्थन बढ़ता जा रहा है।
पंचायत चुनाव में सक्रियता बनाए रखने का आह्वान
प्रयागराज प्रवास के दौरान उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने सभी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि पंचायत चुनाव की तैयारियों जुट जाएं। घर घर जाएं और लोगों की समस्याओं को सुनकर आपने स्तर पर निदान करें। यदि कहीं कोई कठिनाई हो तो जरूर बताएं। प्रत्येक कार्यकर्ता की समस्या को सुना जाएगा। सरकारी अधिकारी भी यदि कहीं मुश्किल खड़ी करें तो उसकी शिकायत तुरंत करें। प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन के लिए महत्वपूर्ण है।