उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने BJP कार्यालय के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया, पौधे रोपे
प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य इन दिनों प्रयागराज में हैं। विविध कार्यक्रमों में हिस्सा भी उन्होंने लिया। बीजेपी के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण कर पौधे भी रोपे।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी महानगर कार्यालय सिविल लाइन की निर्माणाधीन बिल्डिंग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद भाजपा पदाधिकारियों को उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस अवसर पर डिप्टी सीएम ने यहां भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी के साथ पौधे भी रोपे।
बोले केशव-पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्यकर्ता करें कार्य
पौध रोपने के बाद डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने वहां मौजूद सभी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को पर्यावरण के संरक्षण के लिए भी कार्य करने का संदेश दिया। कहा कि पौधे रोपने से ही पर्यावरण को संतुलित बनाए रखा जा सकता है। इस अवसर पर पूर्व विधायक दीपक पटेल, अनामिका चौधरी, अवधेश चंद्र गुप्ता, कुंज बिहारी मिश्रा, वरुण केसरवानी, राजेश केसरवानी, राजू पाठक, विवेक अग्रवाल, गिरिजेश मिश्रा, सिंह, सचिन जायसवाल, रमेश पासी, विश्वास श्रीवास्तव, श्याम प्रकाश पांडे आदि मौजूद रहे।
शुक्रवार को डिप्टी सीएम प्रयागराज आए थे
बता दें कि भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से इन दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन सप्ताह मनाया जा रहा है। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार को प्रयागराज आए। केशव मौर्य पुलिस लाइन के हेलीपैड पर पहुंचे। वहां से वह सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों संग बैठक की। भाजपा महानगर इकाई की ओर से श्रीराम वाटिका गेस्ट हाउस कटरा में आयोजित कार्यक्रम में भी डिप्टी सीएम केशव मौर्य शामिल हुए। उन्होंने दिव्यांगों को कृत्रिम उपकरण वितरित किया।