कौशांबी में युवक का कुएं में मिला शव, दो दिनों से लापता था, पुलिस कर रही जांच
कौशांबी जिले में कोखराज के परसरा गांव स्थित चंदीपुर मजरा निवासी राजेश 19 अक्टूबर की रात धान काटने के लिए खेत में गया था। सुबह जब राजेश काफी दे तक नहीं घर लौटा तो उसकी पत्नी सुमिया परेशान हो गई। आज उसका शव कुएं में मिला।
प्रयागराज, जेएनएन। यूपी के कौशांबी जिले में कोखराज थाना इलाके में युवक का शव कुएं में मिला। वह दो दिनों से वह लापता था। खेत में धान काटने के लिए गया था लेकिन फिर वापस नहीं लौट के नहीं आया। उसकी तलाश की जा रही थी। बुधवार यानी गायब होने के तीसरे दिन उसका शव कुएं में मिला। सूचना पर पुलिस भी पहुंची और शव बाहर निकलवाया। मामले की जांच पुलिस कर रही है।
कोखराज के परसरा गांव स्थित चंदीपुर मजरा निवासी बाबूलाल लोधी का 37 वर्षीय पुत्र राजेश 19 अक्टूबर की रात में घर से यह कहकर निकला था कि वह धान काटने के लिए खेत में जा रहा है। सुबह जब राजेश काफी दे तक नहीं घर लौटा तो उसकी पत्नी सुमिया परेशान हो गई। परिवार वालों के साथ वह खेत की ओर गई लेकिन वहां राजेश का पता नहीं चला। दो दिन से लगातार खोजबीन की जा रही थी लेकिन पता नहीं चल सका था।
कुएं से दुर्गंध उठी तो राजेश का पता चल सका
बुधवार को सुबह खेत की तरफ जाते समय गांव के लोगों को कुएं से दुर्गंध आई। कुएं में झांक कर देखा तो राजेश का शव पानी में उतराया हुआ था। कुछ ही देर में वहां भीड़ जुट गई। जानकारी होने पर राजेश के परिवार वाले भी बिलखते हुए वहां पहुंचे। इसी बीच सूचना पुलिस को भी मिली तो एसओ कोखराज बलराम सिंह व चौकी प्रभारी योगेश तिवारी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के सहयोग से राजेश के शव को मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका। पुलिस राजेश के परिवार के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही आसपास स्थान का निरीक्षण किया। राजेश के चार पुत्रियां व दो बेटे हैं।