संन्यासी की हत्या कर झूंसी के कनिहार में फेंकी लाश Prayagraj News
झूंसी के कनिहार में कपड़े में लिपटी हुई संन्यासी की लाश मिलने से हड़कंप मच गया। शरीर पर चोट के निशान थे। पुलिस संन्यासी की पहचान नहीं करा सकी है।
प्रयागराज, जेएनएन। लगता है प्रयागराज में अपराध थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। पिछले कुछ दिनों से जनपद में हत्याओं की बाढ़ सी आ गई है। रोज कहीं न कहीं हत्या हो रही है। इसे लेकर प्रयागराज में पुलिस के आला अधिकारी परेशान हैं। अब शुक्रवार को झूँसी के कनिहार गांव में कपड़े में लिपटी संन्यासी की लाश मिली। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। हालांकि शिनाख्त नहीं हो सकी है।
संन्यासी के शरीर पर चोट के निशान मिले, शिनाख्त नहीं हुई
झूंसी थाना क्षेत्र के कनिहार के सुनसान इलाके में शुक्रवार की सुबह कुछ लोग दैनिक क्रिया को गए थे। वहां कपड़े में लिपटा हुआ कुछ देखा। आशंका जताई गई कि किसी का शव है। सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची झूंसी पुलिस ने कपड़ा खोला तो उसमें संन्यासी की लाश थी। संन्यासी की उम्र करीब 70 साल थी। शरीर पर गेरुआ वस्त्र था। शरीर पर कई स्थानों पर चोट के निशान थे। पुलिस ने संन्यासी के पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
झूंसी के इंस्पेक्टर बोले, कहीं हत्या कर यहां फेंकी गई लाश
झूंसी थाने के इंस्पेक्टर बृजेश सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच-पड़ताल की। इंस्पेक्टर का कहना है कि संन्यासी का शव देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि दो से तीन दिन पहले हत्या की गई थी। उसे अन्यत्र जान से मारने के बाद हत्यारों ने कनिहार में लाकर रात में शव फेंक दिया है। फिलहाल अभी तक संन्यासी की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।