प्रयागराज शहर में भी साइबर अपराधी सक्रिय हैं, इनसे आपको भी बचकर रहना होगा
साइबर अपराध इन दिनों बढ़ गया है। साइबर अपराधियों के चंगुल में आकर प्रयागराज के लोग भी अपनी गाढ़ी कमाई गंवा रहे हैं। कई केस प्रयागराज जिले में भी आ चुके हैं। इनसे बचने में ही लोगों की भलाई है।
प्रयागराज, जेएनएन। साइबर अपराधियों का मकड़जाल तेजी से फैल रहा है। प्रयागराज जनपद के लोग भी इन साइबर अपराधियों के जाल में फंस रहे हैं। ये साइबर अपराधी लोगों की गाढ़ी कमाई पर सेंध लगा रहे हैं। पुलिस के पास शिकायत ले कर जाने पर सिर्फ आश्वासन देकर बाद में आने के लिए कहा जाता है। इससे प्रयागराज शहर के लोग बेहद परेशान हैं।
छोटा बघाड़ा निवासी विवेक सिंह भी साइबर शातिरों के शिकार हैं। उन्होंने कुछ दिन पहले उन्होंने एक ऑनलाइन शॉपिंग एप से घर का सामान बुक किया था। सामान कहां पहुंचे ये पता करने के लिए वह उक्त ऑनलाइन शॉपिंग एप का कस्टमर केयर नम्बर सर्च करने लगे। इस पर उन्होंने एक नंबर पर फोन किया। बाद में उनके पास एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को उक्त कंपनी का अधिकारी बताते हुए उनके खाते की जानकारी प्राप्त कर ली। कुछ ही देर में उनके खाते से दो बार में 15 हज़ार रुपये निकल गए।
बघाड़ा निवासी विवेक सिंह ने इसकी शिकायत बैंक में जाकर की। इस पर उन्होंने पुलिस से शिकायत करने को कहा। पुलिस ने तहरीर लेकर बाद में आने को कहा। वहीं सोहबतिया निवासी श्याम मिश्रा के खाते की जानकारी ले कर 20 हजार रुपये निकाल लिए। उन्होंने भी पुलिस से शिकायत की है। पुलिस का कहना है कि साइबर क्राइम सेल को पड़ताल करने के लिए कहा गया है।