Covid 19 Vaccination: उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने वैक्सीनेशन पर खुशी जताई, संक्रमण के प्रति सावधानी बरतने की दी हिदायत
Covid 19 Vaccination उप मुख्यमंत्री केशव ने ट्वीट कर बताया है कि इतिहास में इतने बड़े स्तर पर टीकाकरण अभियान पहले नहीं चलाया गया है। भारत वैक्सीनेशन के अपने पहले चरण में ही तीन करोड़ लोगों का टीकाकरण कर रहा है।
प्रयागराज, जेएनएन। कोविड-19 वैक्सीनेशन के प्रति लोगों को जागरूक करने व संक्रमण के प्रति सावधानी बरतने की हिदायत राजनेताओं की ओर से लगातार दी जा रही है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी इसे लेकर सक्रियता बनाए हुए हैं। खासकर ट्विटर पर प्रधानमंत्री के संदेशों को भी आगे बढ़ाया जा रहा है।
उप मुख्यमंत्री केशव ने ट्वीट कर बताया है कि इतिहास में इतने बड़े स्तर पर टीकाकरण अभियान पहले नहीं चलाया गया है। दुनिया के 100 से भी ज्यादा देश ऐसे हैं, जिनकी जनसंख्या तीन करोड़ से कम है। भारत वैक्सीनेशन के अपने पहले चरण में ही तीन करोड़ लोगों का टीकाकरण कर रहा है।
डिप्टी सीएम ने 'भारतीय चिकित्सा को मिली नई पहचान' लेख लिखा था
इससे पहले उप मुख्यमंत्री ने लेख 'भारतीय चिकित्सा को मिली नई पहचान' भी लिखा था। इसमें आयुर्वेद का बखान करते हुए लिखा गया है कि कोरोना काल में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले आयुर्वेदिक उत्पादों की बिक्री करीब छह गुना बढ़ गई। आयुर्वेद का बुनियादी सिद्धांत है कि इलाज से बेहतर है रोकथाम। इससे पहले उन्होंने ट्वीट किया कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री के कुशल मार्गदर्शन में पूरे देश में विश्व का सब से बड़ा कोविड-19 टीकाकरण अभियान शुरू हुआ है। देश में बनी वैक्सीन द्वारा यह टीकाकरण कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए निर्णायक साबित होगा।
अंतरराष्ट्रीय धर्म दिवस की दी बधाई
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट कर देश और प्रदेश के लोगों को अंतर्राष्ट्रीय धर्म दिवस की बधाई दी है। लिखा है कि हिंदू धर्म सर्व धर्म संभाव, विश्व बंधुत्व और सर्वे भवंतु सुखिन: की कल्पना करने वाला धर्म है। यह भी लिखा है कि विश्व को एकता, भाईचारा, शांतिपूर्ण सह अस्तित्व, समानता और सौहार्द्र के मजबूत धागे में पिरोकर एक सुंदर पुष्पहार बनाने की क्षमता हिंदू धर्म में है। आइए इस दिवस पर हिंदू धर्म के विचारों को विश्व जनमानस तक पहुंचाने का संकल्प करें।