निगम को पता नहीं मोहल्ले और पार्क का हो गया नामकरण
गर निगम सदन से प्रस्ताव पास हुए बगैर अशोक नगर क्षेत्र में एक मोहल्ले पार्क और मार्गो का नामकरण हो गया। मोहल्ले और मार्गो का नामकरण पार्षद पति एवं पार्क का नामकरण पत्रकार कालोनी निवासी एक डॉक्टर की पत्नी के नाम पर कर दिया गया है।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज : नगर निगम सदन से प्रस्ताव पास हुए बगैर अशोक नगर क्षेत्र में एक मोहल्ले, पार्क और मार्गो का नामकरण हो गया। मोहल्ले और मार्गो का नामकरण पार्षद पति एवं पार्क का नामकरण पत्रकार कालोनी निवासी एक डॉक्टर की पत्नी के नाम पर कर दिया गया है।
अशोक नगर में पत्रकार कालोनी के आगे करीब दो-ढाई हजार की आबादी बसी हुई है। इस मोहल्ले का नाम पार्षद राधा देवी के पति पवन कुमार के नाम पर पवन नगर कालोनी कर दिया गया है। कालोनी के मार्ग भी इन्हीं के नाम पर रख दिए गए हैं। एक पार्क का नाम भी अर्चना पार्क रख दिया गया है। जगह-जगह इसकी होर्डिग और बोर्ड भी लगे हैं। खास यह कि इसके लिए नगर निगम सदन में न कोई प्रस्ताव लाया गया और न ही सदन से स्वीकृति मिली है। मामले की जानकारी होने पर महापौर के निर्देश पर जोनल अधिकारी ने लाइसेंस अधीक्षक कौशल किशोर को हकीकत पता करने के लिए भेजा। लाइसेंस अधीक्षक ने अपनी रिपोर्ट अफसरों को सौंप दी हैं। पार्षद पति और महिला के खिलाफ नोटिस भेजा जाएगा। पार्षद पति का कहना है कि मोहल्ले के लोगों ने नाम पवन नगर रख दिया है। इसका उद्घाटन विधायक से कराया गया था। पार्क का नाम एक डॉक्टर की पत्नी के नाम पर रखा गया है। उनका कहना है कि नामकरण के लिए प्रस्ताव दिया जाएगा। लोगों में आक्रोश
पूर्व पार्षद चंद्रप्रकाश गंगा का कहना है कि कई लोगों ने सोमवार को उनके पास आकर मामले में आक्रोश जताया। इसकी जानकारी नगर आयुक्त और डीएम को दे दी गई है। उनका कहना है कि एक सामान्य नागरिक के नाम से नगर का नाम नहीं होना चाहिए। किसी गौरवपूर्ण व्यक्ति के नाम पर नगर का नामकरण होना चाहिए। बयान--
यह पूरी तरह से नियम विरुद्ध है। मामले में नोटिस भेजी जाएगी और वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी। नगर आयुक्त को भी इसकी जानकारी दे दी गई है।
- अभिलाषा गुप्ता, महापौर लाइसेंस अधीक्षक ने मौके का मुआयना करके अपनी रिपोर्ट सौंप दी हैं। मंगलवार को वहां से नामकरण के बोर्ड हटवाए जाएंगे।
- रविंद्र कुमार सिंह, जोनल अधिकारी।