Coronavirus संक्रमण का बिजली आपूर्ति पर असर, प्रयागराज में आम जन के साथ कर्मचारी भी परेशान
बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से इसके मरम्मतीकरण में विलंब हो रहा है। इसके पीछे विभाग के कई अधिकारियों और कर्मचारियों का कोरोना से पीड़ित होना है। अधिकारियों और कर्मचारियों की संख्या कम हो गई है जिस कारण समय पर कर्मचारी मरम्मतीकरण के लिए मौके पर नहीं पहुंच पा रहे हैं।
प्रयागराज, जेएनएन। गर्मी अपने पूरे तेवर में है और कोरोना वायरस का संक्रमण भी तेज है। गर्मी में बिजली की खपत बढ़ गई है। इसका परिणाम यह हो रहा है कि बार-बार शहर के कई इलाकों में आपूर्ति ट्रिप कर रही है। इससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। उधर, बार-बार लाइन ट्रिप करने से तकनीकी खराबी भी खड़ी हो रही है, जिस कारण कर्मचारी मरम्मतीकरण को लेकर इधर-उधर दौड़ते रहते हैं। वहीं कई कर्मचारियों के कोरोना संक्रमित होने के कारण बिजली समस्या दूर होने में विलंब भी होता है।
कोरोना संक्रमित होने के कारण बढ़ी दिक्कत
आपूर्ति प्रभावित होने से इसके मरम्मतीकरण में विलंब हो रहा है। इसके पीछे विभाग के कई अधिकारियों और कर्मचारियों का कोरोना से पीड़ित होना है। अधिकारियों और कर्मचारियों की संख्या कम हो गई है, जिस कारण समय पर कर्मचारी मरम्मतीकरण के लिए मौके पर नहीं पहुंच पा रहे हैं।
बचाव के लिए उपकरणों का टोटा
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए कर्मचारी भले ही मास्क लगा रहे हो। फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन कर रहे हो, लेकिन सैनिटाइजर की विभाग द्वारा कोई व्यवस्था नहीं की गई है। यहां आने-जाने वालों का तापमान जांच करने की मशीन तक नहीं है। कई बार कर्मचारियों को कोरोना से बचाव के लिए उपकरण की मांग संघ कर चुका है, बावजूद इसके कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है, जिससे कर्मचारी भयभीत हैं।
मुख्य अभियंता ने कर्मचारियों को दिए निर्देश
मुख्य अभियंता विनोद गंगवार ने कोरोना संक्रमण से बचने के लिए कर्मचारियों को विशेष निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा है कि इस समय लोगों को बिजली आपूर्ति मुहैया कराना चुनौतीपूर्ण है। इसलिए कर्मचारी कोरोना संक्रमण से खुद को सुरक्षित रखते हुए अपने दायित्व का पालन करें। कहीं भी कोई तकनीकी खराबी आने पर उसे तत्काल दुरुस्त किया जाए। जरूरी हो तो उच्चाधिकारियों को भी इसकी जानकारी दी जाए।