Coronavirus ने ऑनलाइन चालान का काटा 'चालान', पॉजिटिव केस से बंद हुआ कंट्रोल रूम Prayagraj News
कंट्रोल रूम में पुलिस कर्मी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गया है। इससे कंट्रोल रूम को बंद कर दिया गया है। यही कारण है कि चौराहों पर ऑनलाइन चालान की व्यवस्था नहीं शुरू हो सकी है।
प्रयागराज, जेएनएन। 24 घंटे ऑनलाइन चालान की व्यवस्था शुरू होने से पहले की कोरोना वायरस की शिकार हो गई। कंट्रोल रूप में तैनात एक पुलिस कर्मी के पॉजिटिव मिलने के बाद इसे बंद कर दिया गया है। अब पुलिस कर्मियों की जांच और सैनिटाइजेशन के बाद ही कंट्रोल रूम चालू हो सकेगा।
शहर के 10 प्रमुख चौराहों पर यह व्यवस्था की गई थी
16 जुलाई को ऑनलाइन चालान का शुभारंभ किया गया था। शहर के 10 प्रमुख चौराहों पर यह व्यवस्था की गई थी। पुलिस लाइन स्थित बिल्डिंग में यातायात विभाग का कंट्रोल रूम बनाया गया था। व्यवस्था शुरू होती, इसके पहले ही एक पुलिस कर्मी संक्रमित हो गया। इसकी वजह से बिल्डिंग को खाली कराकर कंट्रोल रूम को बंद कर दिया गया।
बोले, यातायात निरीक्षक
यातायात निरीक्षक प्रथम राकेश सिंह कहते हैं कि पुलिस लाइन में एक पुलिस कर्मी के कोरोना पॉजीटिव पाए जाने के कारण ऑनलाइन चालान की व्यवस्था संचालित नहीं हो सकी है। तीन-चार दिन के भीतर सभी पुलिस कर्मियों की जांच और बिल्डिंग को सैनिटाइजेशन कराने के बाद ऑनलाइन चालान शुरू किया जाएगा।
दो हजार से अधिक लोगों का काटा चालान, वसूला जुर्माना
बंदी के तहत जिले में बिना हेलमेट और मास्क के निकलने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान दो हजार से अधिक लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया। शहर के मुख्य चौराहे जानसेनगंज, घंटाघर, खुल्दाबाद, शाहगंज, सिविल लाइंस, हनुमान मंदिर, बैरहना, तेलियरगंज, ट्रैफिक चौराहा, चौफटका, गऊघाट समेत अन्य स्थानों पर पुलिस ने दिनभर चेकिंग की। कोतवाली, शाहगंज, करेली, खुल्दाबाद में तो बकायदा पुलिस की गाडिय़ों से एनाउंसमेंट किया गया कि लोग अपने घरों में ही रहें। वहीं गंगापार और यमुनापार में अभियान चलाया गया।