निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का विवादित बयान इंटरनेट मीडिया पर वायरल, तीखी प्रतिक्रिया
निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. संजय निषाद विवादों में फंस गए हैं। इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो उनका वायरल है। वीडियो में निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवादित बयान दे रहे हैं। ट्वीट करके लोग इस बयान पर आक्रोश जता रहे हैं।
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. संजय निषाद द्वारा भगवान श्रीराम को लेकर दिया गया विवादित बयान इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। उनके इस बयान को लेकर कई संगठन आक्रोश भी जता रहे हैं। लोग ट्वीट कर तरह-तरह की टिप्पणी करते हुए भाजपा से निषाद पार्टी के साथ किए गए गठबंधन को तोड़ने तक की मांग कर रहे हैं।
वायरल वीडियो में क्या है
वायरल वीडियो सर्किट हाउस का बताया जा रहा है। वीडियो में निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. संजय निषाद ने कह रहे हैं कि भगवान श्रीराम और निषादराज का जन्म मखौड़ा घाट पर हुआ था। निषादराज श्रीराम से बड़े थे। भगवान श्रीराम अयोध्या के राजा दशरथ के पुत्र नहीं थे। वे श्रृंगी ऋषि के पुत्र थे, जिन्होंने पुत्रेष्टि यज्ञ किया था। इसलिए श्रीराम को दशरथ का तथाकथित पुत्र कहा जा सकता है।
भाजपा से की जाने लगी निषाद पार्टी से गठबंधन तोड़ने की मांग
इंटरनेट मीडिया पर वायरस वीडियो में राष्ट्रीय अध्यक्ष की जुबान यहीं नहीं थमीं बल्कि फिर फिसली। उन्होंने कहा कि कोई संतान न होने के कारण राजा दशरथ ने श्रृंगी ऋषि से यज्ञ कराया था। श्रृंगी ऋषि ने इसे लेकर राजा दशरथ से बातचीत की और फिर यज्ञ कराया। उन्होंने कहा कि ऐसा कहा जाता है कि राजा दशरथ की तीनों पत्नियों के पुत्रों का जन्म श्रृंगी ऋषि द्वारा दी गई खीर खाने से हुआ था। लेकिन क्या ऐसा हो सकता है कि खीर खाने से बच्चा पैदा हो जाए। अब यही उनके बयान का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। लोग ट्विटर पर तरह-तरह की टिप्पणी कर इस बयान की निंदा कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी से लोग मांग कर रहे हैं कि निषाद पार्टी से गठबंधन तोड़ दिया जाए।
सपा जिलाध्यक्ष बोले- निंदनीय है ऐसा बयान
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष योगेश चंद्र यादव का कहना है कि निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. संजय निषाद के इस बयान की जितनी निंदा की जाए कम है। सपा के वरिष्ठ नेता नंदलाल निषाद नंदा का कहना है कि इस बयानबाजी के लिए डा. संजय निषाद काे स्पष्टीकरण देना चाहिए। वहीं विकासशील इंसान पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष राजू निषाद का कहना है कि भाजपा चुप क्यों है। उसे आगे आकर इस बयान की निंदा करनी चाहिए। कहा कि चुनावी लाभ लेने के लिए वह निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. संजय निषाद के खिलाफ कुछ भी बोलने से बच रही है।