बिजली विभाग का कंट्रोल रूम : यहां रात आठ बजे के बाद सिर्फ बजती है फोन की घंटी पर नहीं होती रिसीव
प्रयागराज में बिजली विभाग का कंट्रोल रूम तो बनाया गया है। हालांकि इन दिनों खानापूर्ति तक सिमटकर रह गया है। रात आठ बजे के बाद कंप्लेंट अटेंड करने वाला कोई भी कर्मचारी नहीं है। इससे उपभोक्ताओं को शिकायत करने में दिक्कत आ रही है।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रयागराज में पुलिस, अग्निशमन और स्वास्थ्य विभाग का कंट्रोल रूम है। इसी तर्ज पर बिजली विभाग में भी कंट्रोल रूम बनाया गया है। यह कंट्रोल रूम बिजली घर (पावर हाउस) के बगल में बनाया गया है। यहां लोगों की शिकायतों को दर्ज किया जाता है। इसके निस्तारण के लिए तत्काल अधिकारियों से बात की जाती है। हालांकि इधर काफी दिनों से यहां सिर्फ खानापूर्ति ही की जा रही है। रात आठ बजे के बाद कंट्रोल रूम में सिर्फ फोन की घंटी जाती है लेकिन इसे रिसीव करने वाला कोई नहीं होता। लोग परेशान रहते हैं लेकिन फोन नहीं उठता।
कंट्रोल रूम लोगों की सुविधा के लिए बनाया गया है
कंट्रोल रूम को लोगों की सुविधा के लिए बनाया गया है। उद्देश्य यही है कि कहीं भी बिजली आपूर्ति प्रभावित होने पर लोग यहां फोन करेंगे तो संबंधित उपकेंद्र के अधिकारियों से कंट्रोल रूम में तैनात कर्मचारी वार्ता कर उनको अवगत कराएंगे, जिससे समस्या का समाधान हो जाएगा।
तीन शिफ्ट में लगती है ड्यूटी
बिजली विभाग के कंट्रोल रूम में तीन शिफ्ट में ड्यूटी लगती है। छह बजे सुबह से दाेपहर एक बजे तक पहली शिफ्ट में एक कर्मचारी रहता है। दोपहर एक से रात आठ बजे तक दूसरी शिफ्ट होती है। इस समय दूसरा कर्मचारी तैनात किया जाता है। इसी प्रकार तीसरी शिफ्ट रात आठ बजे से सुबह छह बजे तक की होती है। हालांकि इस शिफ्ट में तैनात कर्मचारी करीब दस दिनों से ड्यूटी पर नहीं आ रहा है। कहा जा रहा है कि उसकी तबीयत खराब है। हालांकि, विभाग ने इसके लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं की, जिस कारण रात को बिजली आपूर्ति प्रभावित होने पर लोग परेशान होते हैं।