MURDER: प्रयागराज में दोस्तों ने ही किया ठेकेदार को गोलियों से छलनी, जानिए पूरा मामला
माडल शाप के बाहर अतरसुइया में रहने वाले ठेकेदार बच्चा यादव की रात करीब नौ बजे गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। सीओ समेत एसएसपी और कई अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस को पता चला कि वारदात को अंजाम उसके ही साथियों ने दिया।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रयागराज में एक और कत्ल हो गया। शहर में मेडिकल चौराहा के निकट माडल शाप के बाहर अतरसुइया में रहने वाले ठेकेदार बच्चा यादव की रात करीब नौ बजे गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। खबर मिलते ही पहले जार्जटाउन पुलिस और फिर सीओ समेत एसएसपी और कई अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस को पता चला कि वारदात को अंजाम उसके ही साथियों ने दिया। घटना के पीछे रुपये के लेन-देन की बात सामने आ रही है। कई थानों की पुलिस फोर्स ने मृत ठेकेदार के दोनों साथियों की तलाश में उनके घरों में दबिश दी, लेकिन वे नहीं मिले। गुरुवार सुबह तक छापेमारी पुलिस छापेमारी कर रही थी।
अचानक चली गोलियां तो भागने लगे आसपास मौजूद लोग
अतरसुइया थाना क्षेत्र के बाबाजी का बाग निवासी बच्चा यादव (40) की दोस्ती चांदपुर सलोरी के महेंद्र यादव और अशोक नगर के राजेश यादव से थी। तीनों ने एक फर्म बना रखी थी और एक साथ नगर निगम में ठेकेदारी करते थे। करीब दो वर्ष से लगातार रात आठ बजे के बाद वे मेडिकल चौराहे के पास माडल शाप में आते थे। यहां शराब पीने के बाद बगल में मेडिकल स्टोर में बैठते थे। मेडिकल स्टोर संचालक तीनों को जानता था। बुधवार रात आठ बजे बच्चा, महेंद्र और राजेश माडल शाप पर पहुंचे। कुछ देर बाद शराब के नशे में धुत तीनाें मेडिकल स्टोर पर पहुंचे और बैठ गए। 8:45 बजे अचानक तीनों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। पलभर में फायरिंग होने लगी। एक के बाद एक पांच गोली बच्चा के शरीर में उतार दी गई। फायरिंग से अफरातफरी मच गई। हर कोई इधर-उधर भागने लगे। दुकानदार दुकान बंद कर भाग निकले। महेंद्र और राजेश यादव भी वहां से भाग निकले।
पकड़े जाएं हमलावर तो साफ हो तस्वीर
दस मिनट बाद जार्जटाउन पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां बच्चा यादव खून से लथपथ पड़ा था। उसे स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसएसपी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी, एसपी सिटी दिनेश सिंह आदि अधिकारी मौके पर पहुंचे। मृतक के स्वजन भी आ गए। घरवालों ने महेंद्र और राजेश से किसी प्रकार की रंजिश से इन्कार किया। बताया कि प्रतिदिन बच्चा इन्हीं दोनों के साथ जाते थे। एसपी सिटी दिनेश सिंह का कहना है कि तीनों दोस्त थे। शराब के नशे में उनके बीच विवाद हुआ। महेंद्र और राजेश के पास लाइसेंसी पिस्टल है और दोनों ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दिया। घटना के पीछे रुपये के लेन-देन की बात सामने आ रही है। हमलावरों की गिरफ्तारी के बाद मामला स्पष्ट होगा। उसकी तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है।