पिछले 30 सालों में क्यों खत्म हुआ कांग्रेस का अस्तित्व, किया मंथन Prayagraj News
राजर्षि मंडपम् में कांग्रेस जमीनी कार्यकर्ता संवाद संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें कार्यकर्ताओं ने अपनी-अपनी राय भी दी। प्रदेश कोआर्डिनेटर भी मौजूद रहे।
प्रयागराज, जेएनएन। पार्टी से दरकिनार हो चुके जमीनी कार्यकर्ताओं की याद कांग्रेस को तब आई जब पार्टी डूब रही है। कांग्रेस पार्टी की ओर से कटरा स्थित राजर्षि मंडपम में 'रिफार्म यूपी कांग्रेस' मुहिम के तहत जमीनी कार्यकर्ता संवाद संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं से राय ली गई कि आखिर क्या कारण है जो पिछले 30 साल से कांग्रेस यूपी में नहीं है।
कार्यकर्ताओं ने दी अपनी सलाह
इसमें कार्यकर्ताओं ने सलाह दी कि प्रदेश की कमान उन लोगों को सौंपी जानी चाहिए जिनका लंबा समय कांग्रेस पार्टी में रहते हुए जन सेवा में गुजरा हो। कई दशकों से दूसरे दलों से आए लोगों को प्रदेश की कमान सौंपने और जिलों की जिम्मेदारी कतिपय घरानों को दिये जाने से यह नौबत आई है। कार्यकर्ताओं ने बताया कि संगठन के गठन के समय प्रदेश नेतृत्व को स्वयं प्रत्येक जिले में कम से कम दो दिन का समय देकर सभी कार्यकर्ताओं की भावनाओं से अवगत होना चाहिए।
प्रदेश कोआर्डिनेटर ने कहा, शीर्ष नेतृत्व तक इन बिंदुओं को पहुंचाएंगे
प्रदेश कोआर्डिनेटर व पूर्व प्रदेश प्रवक्ता कमलाकर त्रिपाठी ने आश्वासन दिया कि इस संगोष्ठी के मुख्य बिंदुओं को वह शीर्ष नेतृत्व तक अवश्य पहुंचाएंगे। इस मौके पर आयोजक शशांक शर्मा, श्याम कृष्ण पांडेय, शैलेंद्र एडवोकेट, अभय अवस्थी, सुरेश यादव, जागृति सिंह आदि मौजूद रहे।
पौधे लगाकर आने वाली पीढ़ी का जीवन स्वस्थ बनाएं : सांसद केशरी देवी
प्रदेश सरकार द्वारा चलाए गए वृहद पौधारोपण कार्यक्रम के अंतर्गत फूलपुर की सांसद केशरी देवी पटेल ने मम्फोर्डगंज स्थित डी पार्क में पौधारोपण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पौधे रोपकर आने वाली पीढ़ी के जीवन को खुशहाल और स्वस्थ रखने में मदद करें। उन्होंने शहर में इस साल रोपे गए पौधों के बारे में जानकारी भी दी। कार्यक्रम संयोजक उत्कर्ष शर्मा, रचित गुप्ता, अजय यादव, कल्पना शर्मा, अनुपमा पांडेय, विजय पटेल, उपेंद्र पांडेय, चंद्रिका पटेल, मीडिया प्रभारी पवन श्रीवास्तव, मंगलेश्वर, सूर्यकांत त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।