फैशन प्रेमियों को पसंद आ रहे रंग-बिरंगे और कई डिजाइन के गमछे, गर्मी के मौसम में चढ़ा है बाजार
प्रयागराज शहर में दुकानों के साथ ही सड़क की पटरी के किनारे भी गमछों की दुकानें सज गई हैं। इन दुकानों पर भीड़ भी नजर आ रही है। लोग गर्मी से बचने के लिए अपनी मनपसंद गमछों की खरीदारी कर रहे हैं। हर आयु वर्ग में गमछे की मांग है।
प्रयागराज, जेएनएन। मौसम के बदलते मिजाज के साथ ड्रेसिंग के अंदाज में भी बदलाव जरूरी होता है। कपड़ों के सही चयन से हम न केवल स्वास्थ्य सुरक्षा की ओर अग्रसर होते हैैं, बल्कि फैशन के प्रति भी जागरूक रहते हैैं। इसी क्रम में पटरी दुकानदार से लेकर बिग बजार तक गर्मी से राहत प्रदान करने वाले कपड़े आ चुके हैैं। इनमें अभी कलरफुल गमछा और स्टाल की खूब बिक्री हो रही है। खास बात यह है कि युवा इसे कोरोना वायरस और धूप से सुरक्षा की दृष्टिकोण से देख रहे हैैं। वहीं रंग-बिरंगे और डिजाइनदार होने के कारण फैशन प्रेमियों की पहली पसंद भी बने हैं।
छात्र-छात्राओं में कलरफुल व आमजन में सफेद सूती गमछे की मांग
प्रयागराज शहर में दुकानों के साथ ही सड़क की पटरी के किनारे भी गमछों की दुकानें सज गई हैं। इन दुकानों पर भीड़ भी नजर आ रही है। लोग गर्मी से बचने के लिए अपनी मनपसंद गमछों की खरीदारी कर रहे हैं। शहर के आनंद भवन स्थित पटरी दुकानदार महेश प्रजापति ने बताया कि पांच दिनों से गमछे की बिक्री तेजी आई है। छात्र-छात्राएं कलरफुल गमछे की खूब खरीदारी कर रहे हैैं। वहीं आमजन सफेद सूती गमछे की मांग कर रहे हैैं। इसी क्रम में टोपियां भी पसंद की जा रही है। एक दिन में लगभग 70 गमछे और 50 टोपियां बिक रही हैैं।
आइए जानते हैं क्या कहती हैं फैशन डिजाइनर
फैशन डिजाइनर नीलम अरोरा ने बताया कि अप्रैल माह प्रारंभ हो चुका है। अब गर्मी निरंतर बढ़ती रहेगी। ऐसे में हम कोरोना और धूप से बचने के लिए हम सूती गमछे या स्टॉल का बेहतरीन उपयोग कर सकते हैैं। गर्मियों में हल्के कपड़े को प्रयोग अधिक से अधिक फायदेमंद होगा। लड़कियों के लिए स्लीवलेस ड्रेस नुकसानदायक है। इससे त्वचा को झुलसने का खतरा रहता है। सिल्क, सिंथेटिक, पोलेस्टर मिक्स, नायलान, वेलवेट कपड़ों से इंफेक्शन होता है। प्रयास करें कि इन कपड़ों से बिल्कुल दूर रहें।