दूसरों के नाम संपत्ति ट्रांसफर करने में जुटे अतीक के करीबी
माफिया अतीक अहमद के एक के बाद एक अवैध मकानों पर बुलडोजर चलने से उसके नाते रिश्तेदार भी घबराए हुए हैँ। लोग अपनी संपत्ति दूसरों के नाम करने में लग गए हैँ।
जासं, प्रयागराज : माफिया अतीक अहमद के एक के बाद एक अवैध मकानों पर बुलडोजर चलने से उसके करीबी भी बेचैन हो गए हैं। अपराध के बल पर खड़े किए गए मकान गिरने का डर अब उन्हें भी सताने लगा है। लिहाजा कार्रवाई से बचने के लिए वह अपनी संपत्ति को दूसरों के नाम ट्रांसफर करने की तैयारी में जुट गए हैं। इसकी भनक लगते ही पुलिस ने संबंधित विभागों को सतर्क कर दिया है।
अतीक के साथ ही उसके रिश्तेदार और गुर्गों के अवैध निर्माण को भी ध्वस्त किया जा रहा है। यह सिलसिला लगातार चल रहा है। पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई का असर तब ज्यादा दिखा, जब अतीक के आलीशान आवास को भी खंडहर में तब्दील कर दिया। ऐसी सख्ती पर बहुत कम ही लोग ऐतबार कर रहे थे, मगर अब गुर्गे और करीबियों में खलबली मच गई है। पुलिस का कहना है कि माफिया के गैंग आइएस-227 का एक सक्रिय सदस्य करेली में रहता है। उसने अपने मकान के बाहर रिटायर्ड दारोगा पिता के नाम बोर्ड लगा दिया है। धूमनगंज निवासी एक सक्रिय सदस्य ने अवैध तरीके से कब्जा की गई जमीन की बाउंड्री पर परिचित अधिवक्ता का नाम लिखवा दिया है। मरियाडीह में रहने वाले कुछ शख्स अपने मकान को रिश्तेदार के नाम जल्द ट्रांसफर करने के लिए वकील से सलाह मांगी है। इसी तरह खुल्दाबाद में मल्टी कांप्लेक्स बनवाने वाला शख्स खुद को अतीक गैंग से अलग बताने लगा है। कैंट के बेली इलाके में रहने वाले भी कुछ सदस्य माफिया से दूर होने का दावा कर रहे हैं, ताकि उन पर किसी तरह की कार्रवाई न हो सके। फिलहाल पुलिस अतीक के करीबियों की कारस्तानी पर नजर रखते हुए नगर निगम, प्रयागराज विकास प्राधिकरण और प्रशासनिक अधिकारियों को इस बारे में सतर्क किया है।