युवाओं के हार्ट पर अटैक कर रहा सिगरेट का धुआं Prayagraj News
करीब 25 फीसद युवा हार्ट अटैक से पीडित हो रहे हैं। इसकी वजह सिगरेट का धुआं बन रहा है। यह बात हाल ही में हुए शोध से उजागर हुई है।
प्रयागराज, जेएनएन। युवाओं के लिए सिगरेट सिर्फ नशा नहीं बल्कि शौक बन चुका है। शायद उन्हें यह नहीं पता कि सिगरेट का धुआं सीधे उनके हार्ट (हृदय) पर अटैक कर रहा है। यह समस्या अब अधिक उम्र के लोगों तक ही सीमित नहीं रह गई बल्कि युवा भी प्रभावित हो रहे हैं। हार्ट के डॉक्टरों की ओपीडी में आने वाले मरीजों में युवाओं की संख्या 25 फीसद हो चुकी है।
29 सितंबर यानी पूरी दुनिया हार्ट डे मना रही है। पिछले 50 वर्षों की बात करें तो हार्ट की बीमारियों में सात गुना बढ़ोत्तरी हुई। इसमें सबसे खतरनाक है हार्टअटैक। यह समस्या पहले 60 साल से अधिक उम्र के लोगों में ही देखी जाती थी लेकिन अब ऐसा नहीं है। कम उम्र में भी युवा इसकी चपेट में आ रहे हैं। मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के कार्डियोलाजी डिपार्टमेंट में पिछले तीन माह में चार ऐसे युवा पहुंचे जिन्हें हार्टअटैक पड़ा। डॉक्टरों ने जब इसकी हकीकत जानी तो वह भी चौंक उठे। इनमें हार्टअटैक का प्रमुख कारण सिगरेट का अधिक प्रयोग पाया गया।
क्या कहते हैं कार्डियोलाजिस्ट
स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल के कार्डियोलाजिस्ट डॉ. राजपाल प्रजापति ने बताया कि युवा सिगरेट और अल्कोहल से दूरी बनाएं तो हार्टअटैक की समस्या से बच सकते हैं। जंक फूड का अधिक सेवन भी हार्ट की बीमारी को बढ़ावा दे रहा है।
500 मरीजों पर किया शोध : डॉ. अग्रवाल
कार्डियोलाजिस्ट डॉ. डीके अग्रवाल ने पिछले दो साल में 500 हार्ट के मरीजों पर शोध किया। इसमें करीब 25 फीसद युवा शामिल हैं, इसका प्रमुख कारण सिगरेट, शराब और तनाव पाया गया। यह जानकारी डॉ. अग्रवाल ने लाउदर रोड स्थित एक अस्पताल में शनिवार को दी। उन्होंने बताया कि महिलाओं में भी हार्टअटैक की समस्या बढ़ रही है। इसमें ऐसी महिलाएं अधिक हैं जो सिगरेट का सेवन कर रही हैं।