12 वर्षीय बालक घर की छत पर उड़ा रहा था पतंग, पैर फिसला तो गिरने से गई जान Prayagraj News
वह पतंग उड़ाने में इतना मशगूल हो गया था कि उसे पता ही नहीं था काल उसके सामने खड़ा है। पतंग डोर को वह हिला ही रहा था कि उसका पैर फिसल गया और वह छत से नीचे गिर गया। यह देख घर और आस-पड़ोस के लोग दौड़े।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रयागराज जनपद के यमुनापार इलाके में हादसा हो गया। हादसे में एक बालक की जान चली गई। मेजा थाना क्षेत्र के डेलौहा गांव में 12 वर्षीय बालक अपने घर की छत पर पतंग उड़ा रहा था। इसी दौरान वह छह के किनारे पर पहुंच गया और पैर फिसलने के कारण छत से वह नीचे गिर गया। हादसे में बालक की मौत हो गई। घटना को लेकर परिवार में गम का माहौल है। परिवार के लोगों का तो रो-रो कर बुरा हाल हो गया है।
मेजा के डेलौहा गांव छत पर पतंग उड़ाना एक बालक के लिए काल बन गया। डेलौहा गांव निवासी विवेकानंद पटेल का बारह वर्षीय बेटा दिनेश कुमार पटेल सोमवार की शाम को छत पर पतंग उड़ा रहा था। इसी दौरान वह छत के किनारे पर पहुंच गया। पतंग उड़ाने के दौरान उसकी नजर आसमान की ओर पतंग पर थी और उसका पैर छत के किनारे पर था। वह पतंग उड़ाने में इतना मशगूल हो गया था कि उसे पता ही नहीं था काल उसके सामने खड़ा है। पतंग डोर को वह हिला ही रहा था कि उसका पैर फिसल गया और वह छत से नीचे गिर गया। यह देख घर और आस-पड़ोस के लोग दौड़े। खून से लथपथ दिनेश कुमार को लेकर लोग आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल की तरफ भागे। अपस्ताल पहुंचे तो वहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना को लेकर परिवार में कोहराम मच गया। घर परिवार के सभी लोगों का रो रो कर बुरा हाल हो गया। परिवार के लोगों ने बताया कि घर में छोटा होने के कारण उसका काफी दुलार था। यही कारण है कि उसकी मौत को लेकर परिवार के लोगों का बुरा हाल है। खासकर मां गायत्री देवी तो रो-रो कर बेहोश हो जा रही थी। मंगलवार को बेहद गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया गया।