CBSE 12th Results 2020 : बदल रहा है ट्रेंड, मानविकी वर्ग के विद्यार्थियों का बढ़ा दबदबा Prayagraj News
सीबीएसई के 12वीं के नतीजों को देखें तो मानविकी वर्ग के छात्र-छात्राओं का वर्चस्व है। वहीं टॉपर लिस्ट में विज्ञान के विद्यार्थी पिछड़ रहे हैं।
प्रयागराज, जेएनएन। सीबीएसई के 12वीं के नतीजों पर गौर करें टॉपर लिस्ट में विज्ञान के विद्यार्थी पिछड़ रहे हैं। वहीं मानविकी वर्ग के छात्र-छात्राओं का बोलबाला दिखता है। पहले स्थान पर 98.8 प्रतिशत अंक के साथ डीपीएस की चिरांसा प्रसाद ने जगह बनाई है। वह मानविकी वर्ग की हैं। इसी वर्ग में डीपीएस के ही 98.6 प्रतिशत अंक के साथ आंजनेय टंडन व अनुष्का मोहन दूसरे स्थान पर हैं। तीसरे स्थान पर रहे अक्षत अग्रवाल कामर्स के विद्यार्थी हैं। उन्होंने 98 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। डीपीएस की परनंदा मजूमदार को 96.6 प्रतिशत अंक मिले हैं। वह भी मानविकी की हैं। विज्ञान वर्ग के प्रत्यूश को 95.2 प्रतिशत अंक मिले हैं।
विज्ञान वर्ग के आर्मी पब्लिक स्कूल के छात्र को मिले 96.2 प्रतिशत अंक
आर्मी पब्लिक स्कूल के मोहम्मद यासिर को 96.2 प्रतिशत अंक मिले। वे विज्ञान वर्ग के हैं। तिशा को 96 प्रतिशत अंक मिले वह कामर्स की छात्रा हैं। शिवगंगा विद्यामंदिर की टॉपर शिखा पटेल को 96 प्रतिशत अंक मिले हैं। एमवी कान्वेंट इंटर कॉलेज की टॉपर खुशबू कुशवाहा को 96.6 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं। वह भी विज्ञान वर्ग की हैं। प्रयाग पब्लिक स्कूल एंड कॉलेज के टॉपर सुयश त्रिपाठी को 95.8 प्रतिशत अंक से ही संतोष करना पड़ा। महर्षि विद्यामंदिर के मयंक सिंह ने 96 प्रतिशत अंक के साथ टॉप किया। वाईएमसीए में विज्ञान वर्ग की आईशा एजाज ने टॉप किया। उन्हें 94.6 प्रतिशत अंक हासिल हुए हैं। यहीं के रुद्रांश दुबे ने कामर्स में 96.2 प्रतिशत अंक हासिल किया।
विद्यार्थियों का बढ़ रहा रुझान
अब मानविकी वर्ग के विषयों में भी रोजगार के आयाम विकसित हो रहे हैं जिससे विद्यार्थियों का रुझान उधर बढ़ा है। हालांकि विज्ञान और मानविकी के विषयों में तुलना करना ठीक नहीं है। दोनों की प्रकृति अलग-अलग है।
- रवींद्र विरदी, प्रधानाचार्य, श्री महाप्रभु पब्लिक स्कूल
प्रयोगात्मक परीक्षा में मिल रहे अच्छे नंबर
मानविकी के विषयों में प्रयोगात्मक परीक्षा की वजह से नंबर अच्छे मिल रहे हैं। विद्यार्थियों का भी रुझान इस विषय की तरफ बढ़ रहा है। इसकी वजह से यह बदलाव दिख रहा है।
- अल्पना डे, प्रधानाचार्य, गंगा गुरुकुलम
विज्ञान की तरफ भागने की प्रवृत्ति हुई कम
विद्यार्थियों में विज्ञान की तरफ भागने की प्रवृत्ति अब कम हो रही है, यह अच्छा संकेत है। मानविकी के विषयों में भी करियर बन सकता है, यह सोच विकसित हो रही है जिससे विद्यार्थी इसकी तरफ आकर्षित हो रहे हैं।
- सुष्मिता कानूनगो, प्रधानाचार्य, महर्षि पंतजलि विद्यामंदिर