Prayagraj Municipal Corporation के कर्मियों संग मिलकर भूमाफिया की कारस्तानी, बदल डाला मकान का नक्शा
पूर्व सांसद अतीक के करीबी भूमाफिया ने प्रयागराज में मकान का नक्शा ही बदलवा दिया। इस कारस्तानी में सहयोगी प्रयागराज नगर निगम के कर्मचारी बने। केस दर्ज हो चुका है।
प्रयागराज, जेएनएन। खुल्दाबाद क्षेत्र में एक विवादित मकान को ध्वस्त कर उस पर दुकान और फ्लैट का निर्माण करने का मामला सामने आया है। इसमें भूमाफिया और नगर निगम के कर्मचारियों के बीच मिलीभगत का आरोप लगाया गया है। मामले में भूमाफिया समेत नगर निगम के कर्मचारियों के खिलाफ खुल्दाबाद थाने में विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। नामजद भूमाफिया पूर्व सांसद अतीक अहमद का करीबी बताया जाता है।
सूचना पर पुलिस ने काम रुकवा दिया था
अतरसुइया की रहने वाली कनीज रजा रिजवी पत्नी स्व. मो. अली सज्जाद खुल्दाबाद स्थित एक मकान में सह स्वामिनी हैं। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि मकान विवादित है और मामला न्यायालय में है। उस पर उन्होंने स्थगन आदेश ले रखा था। पिछले वर्ष 28 अप्रैल को भूमाफिया मो. मुस्लिम आदि नगर निगम के कर्मचारियों के साथ मिलकर विवादित भवन को ध्वस्त कर वहां दुकानें और फ्लैट बनवा रहे थे। पुलिस को इसकी जानकारी दी गई तो काम रुकवा दिया गया था।
विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई
इधर कोरोना वायरस संक्रमण का फायदा उठाते हुए पुन: निर्माण चालू करा दिया गया। इसका विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। कनीज रजा रिजवी का आरोप है कि बिना मानचित्र स्वीकृति के यह सब हो रहा है। कनीज रजा रिजवी ने प्रयागराज विकास प्राधिकरण के कर्मचारियों पर भी भूमाफिया से मिलीभगत का आरोप लगाया है।
खुल्दाबाद थाने के इंस्पेक्टर बोले-केस दर्ज कर लिया गया है
खुल्दाबाद थाने के इंस्पेक्टर विनीत सिंह का कहना है कि कनीज रजा रिजवी पूर्व सैन्य अधिकारी की पत्नी हैं। उनकी तहरीर पर मो. मुस्लिम, डॉ. अबुल हसन और नगर निगम के अज्ञात कर्मचारियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मो. मुस्लिम के पूर्व सांसद अतीक अहमद के करीबी होने की जानकारी मिली है, जिसकी जांच की जा रही है।