प्रतापगढ़ में महिला को जिंदा जलाया, तीन पर केस, पति हिरासत में Prayagraj News
महिला की आग से जलकर संदिग्ध मौत हो गई। मामले में महिला के भाई ने ससुराल पक्ष के तीन लोगों पर केस दर्ज कराया है। पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है।
प्रयागराज, जेएनएन। पड़ोसी जनपद प्रतापगढ़ में एक विवाहिता दहेज लोभियों की भेंट चढ़ गई। बाघराय थाना क्षेत्र के जलालपुर में संदिग्ध हाल में विवाहिता की आग से जल गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। मामले में विवाहिता के मायकेवालों ने दहेज हत्या की रिपोर्ट ससुराल पक्ष के लोगों पर दर्ज कराई है। पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है।
दहेज के लिए चांदनी पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगाने का आरोप
जेठवारा थाना क्षेत्र स्थित काछा गांव निवासी मो. फारूक ने अपनी बेटी चांदनी 30 की शादी वर्ष 2015 में बाघराय थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी गुड्डू पुत्र रोजन के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुरालीजनों ने चांदनी को दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। आरोप है कि सोमवार यानी सात अक्टूबर की रात में ससुरालीजनों द्वारा चांदनी पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा दिया गया। आग की लपटों से घिरी चांदनी का शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़ कर मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग को बुझाया। ससुरालीजन भी आग बुझाने में जुट गए। चांदनी को इलाज के लिए सीएचसी बाघराय ले जाया गया। गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान मंगलवार की रात में चांदनी की सांसें थम गई।
चांदनी के भाई की तहरीर पर केस दर्ज
चांदनी के दो बच्चे हैं एक बेटा और एक बेटी। चांदनी के भाई जुम्मन ने बहन को जलाकर मार डालने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मामले में तीन लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस चांदनी के पति गुड्डू को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।