इलाहाबाद विश्वविद्यालय में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में निकाला कैंडल मार्च Prayagraj News
लाठीचार्ज के विरोध में कैंडल मार्च निकाला गया। सभा में इविवि छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष रोहित मिश्र ने कहा कि जब तक इविवि में लोकतंत्र की बहाली नहीं हो जाती तब तक लड़ाई चलती रहेगी।
प्रयागराज, जेएनएन। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में बालसन चौराहे पर मंगलवार की रात में कैंडल मार्च निकाला गया। इसके बाद सभा आयोजित की गई। इसमें इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व पदाधिकारियों समेत आटा के पूर्व अध्यक्ष ने विरोध जताया। कहा कि इविवि प्रशासन ऐसा करवा कर छात्रों पर जुल्म ढा रहा है। साथ ही आगे की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इविवि अनियमितता और भ्रष्टाचार में डूब चुका है : प्रो. राम किशोर शास्त्री
सभा को संबोधित करते हुए आटा के पूर्व अध्यक्ष प्रोफेसर राम किशोर शास्त्री ने कहा कि विश्वविद्यालय अनियमितता और भ्रष्टाचार में डूब चुका है। इसको ठीक करने के लिए लंबी लड़ाई लडऩे की जरूरत है। वहीं इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष रोहित मिश्र ने कहा कि जब तक इविवि में लोकतंत्र की बहाली नहीं हो जाती, तब तक यह लड़ाई चलती रहेगी। वहीं छात्रसंघ के पूर्व महामंत्री निर्भय द्विवेदी ने कहा कि छात्रों पर जुल्म बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
लाठी के दम पर कभी भी लोकतंत्र की आवाज को नहीं दबा सकते : रोहित
छात्रनेता रोहित ने कहा कि हमारे लोकतांत्रिक देश में किसी को भी शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात कहने का पूरा हक है। छात्रों ने पिछले माह से छात्रसंघ की बहाली का जो आंदोलन चलाया वो नितांत शांतिपूर्ण रहा है। इविवि प्रशासन लंबे समय से छात्रों को उकसाने और जिला प्रशासन को इसमें घसीटने के फिराक में था। विवि प्रशासन और जिला प्रशासन को याद रखना चाहिए कि लाठी के दम पर कभी भी लोकतंत्र की आवाज को बहुत देर तक दबाया नहीं जा सकता। इस दौरान राहुल, अभिनव, प्रशांत, नवीन, आयुष, पीयूष, संदीप आदि मौजूद रहे।