महिलाओं को स्वावलंबी बनाने में यूपी सरकार कृत संकल्पित : कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ Prayagraj News
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि लॉकडाउन में महिलाओं को काम मिला। उन्होंने खादी के फेसकवर तैयार करने वाली महिलाओं के हाथों में काम दिया गया।
प्रयागराज, जेएनएन। महिलाओं को स्वावलंबी बनाने में यूपी सरकार कृत संकल्पित है। लॉकडाउन में जिले की लगभग 4,600 महिलाओं ने खादी के तीन लाख पांच हजार मास्क बनाए हैं। उन्हें इसके लिए 15 लाख 25 हजार रुपये भुगतान किए गए। यह बातें प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग, निर्यात-निवेश प्रोत्साहन मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहीं।
कोरोना के खिलाफ जंग में अहम हथियार मास्क बनाया
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए कोरोना के खिलाफ जंग में अहम हथियार मास्क बनाने का काम दिया गया। मास्क निर्माण के लिए खादी ग्रामोद्योग विभाग द्वारा खादी की संस्थाओं से 53,237.31 मीटर खादी के वस्त्र की आपूर्ति प्रयागराज में कराई गई है।
महिलाओं को परिषदीय विद्यालयों में यूनिफॉर्म भी महिलाएं बना रहीं
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि ग्राम्य विकास विभाग के राष्ट्रीय ग्रामीण स्वरोजगार मिशन के स्वयं सहायता समूह के माध्यम से प्रयागराज के प्रत्येक विकास खंड के अंतर्गत गांव में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को इस काम में लगाया गया। जिला प्रशासन इन समूहों की महिलाओं को परिषदीय विद्यालयों में यूनिफॉर्म सिलने का काम दे रहा है।
मास्क कर्मचारियों, अधिकारियों और स्टॉफ को दिए गए
मास्क निर्माण के लिए सर्वोदय सेवा आश्रम एटा, खादी ग्राम उद्योग संस्थान बहादुरपुर, खादी उत्पादन केंद्र अनुवा, लाल बहादुर शास्त्री सेवा निकेतन मांडा तथा भारतीय हरित खादी ग्रामोद्योग संस्थान जानकीपुरम विस्तार लखनऊ ने शासन के निर्देश पर 65 रुपये प्रति मीटर के हिसाब से खादी वस्त्र दिया है। ये मास्क विभिन्न सरकारी विभागों के कर्मचारियों, अधिकारियों और स्टॉफ को दिए गए हैं।
127 आवेदन ऑनलाइन भरवाए गए
जिले में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना के तहत 127 आवेदन ऑनलाइन भरवाए गए हैं। यह प्रक्रिया लॉकडाउन की अवधि में पूरी कराई गई है। नव उद्यमियों से आवेदन भरवाए जा रहे हैं।