डीएम ने ऐसा क्या कहा कि व्यापारी सिविल लाइंस रामदल निकालने पर हुए राजी Prayagraj News
व्यापारियों ने सिविल लाइंस रामदल न निकालने का निर्णय लिया था। डीएम के साथ दोपहर में हुई बैठक में पार्किंग मामले पर विमर्श के बाद रामदल निकालने पर सहमति बनी। दुकानें भी खुलीं।
प्रयागराज, जेएनएन। सिविल लाइंस में सड़कों के बजाए तय स्थान पर गाडिय़ां खड़ी हो, इसमें ट्रैफिक पुलिस और पुलिस हर संभव सहयोग करेगी। सड़क पर कहीं भी गाडिय़ां खड़ी मिली तो उसे क्रेन के जरिए उठवा लिया जाएगा। शुक्रवार को सिविल लाइंस व्यापार मंडल और रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों के साथ बैठक में डीएम भानु चंद्र गोस्वामी ने साफ कर दिया कि यह व्यवस्था न्यायालय के आदेश के तहत है। सिविल लाइंस में जाम की समस्या न उत्पन्न हो, इसका विशेष रूप से ख्याल रखा जाएगा। व्यापारियों ने इस पर सहमति जताई। इस दौरान सिविल लाइंस में शुक्रवार को रामदल निकालने का फैसला हुआ। दोपहर बाद सभी दुकानें भी खुल गईं।
ट्रैफिक पुलिस के अभियान से व्यापारियों में आक्रोश
सिविल लाइंस में पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा पिछले कुछ माह से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सड़क पर गाडिय़ां खड़ी करने पर ट्रैफिक पुलिस द्वारा उसे उठवा लिया जा रहा है। इस कार्रवाई से व्यापारियों में नाराजगी है। व्यापारी इसका लगातार विरोध कर रहे हैैं। इसी वजह से गुरुवार को सिविल लाइंस व्यापार मंडल और रामलीला कमेटी ने शुक्रवार को होने वाला सिविल लाइंस का रामदल न कराने और दुकानें बंद रखने का फैसला किया गया था।
सिविल लाइंस रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों व डीएम की बैठक हुई
रामदल न निकालने के निर्णय पर शुक्रवार की दोपहर डीएम ने व्यापार मंडल और रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों के साथ अपने कार्यालय में बैठक की। इसमें न्यायालय के आदेश का हवाला देते हुए स्पष्ट कर दिया गया कि सड़कों के किनारे गाडिय़ां खड़ी होने के कारण जाम की स्थिति किसी भी दशा में उत्पन्न नहीं होने दी जाएगी।
डीएम ने कहा, नहीं होगा किसी का उत्पीडऩ
बैठक में व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुशील खरबंदा समेत अन्य व्यापारियों ने सड़क के किनारे एक लेन में स्थाई रूप से गाडिय़ां खड़ी कराने की व्यवस्था की मांग की। हालांकि डीएम समेत बैठक में मौजूद एसपी ट्रैफिक कुलदीप व एसपी सिटी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने ऐसा करने से इंकार कर दिया। कहा कि व्यापारी न्यायालय में अपना पक्ष रख सकते हैैं। नवरात्र, दुर्गापूजा व दीपावली के दौरान कारोबार प्रभावित न हो, इसके लिए तय हुआ कि यहां खरीदारी के लिए आने वाले ग्राहक अपने वाहनों को सड़क पर खड़ा करते हैैं तो पुलिस उन्हें तय स्थान पर खड़ा कराने में मदद करेगी। इसमें किसी का उत्पीडऩ नहीं होगा। बैठक में रामलीला कमेटी के अध्यक्ष विनोद चंद्र दुबे, रघुनाथ द्विवेदी, व्यापार मंडल के महामंत्री शिव शंकर सिंह, मोहित चोपड़ा, बलवीर कोहली, विकास अग्रवाल, संजय गुप्ता, आशीष कुमार गुप्ता, हैप्पी सिंह आदि बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल थे।