भाजपा के प्रयागराज महानगर अध्यक्ष ने कश्मीर में हिंदुओं की हत्या दुर्भाग्यपूर्ण बताया
भाजपा प्रयागराज महानगर अध्यक्ष बोले कि भाजपा कुर्सी की राजनीति नहीं करती है। इस दल के लिए सब से पहले देश है। देश पर आंच नहीं आने देंगे। प्रत्येक कार्यकर्ता इसके लिए समर्पित है। सरकार भी जल्द ही कुछ ठोस कदम उठाएगी। विपक्ष को अनायास बयानबाजी से बचना चाहिए।
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। कश्मीर में फिर एक बार हिंदुओं की हत्या का दौर शुरू हो चुका है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार को इसे लेकर सख्त कदम उठाने चाहिए। विपक्षी दल के नेताओं को भी इस मामले में गंभीरता दिखानी चाहिए। यह विषय राजनीति का नहीं देश की एकता और अखंडता का है। सनातन परंपरा को बचाने का है। यह बातें भाजपा के प्रयागराज महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने कही।
कहा- सनातन धर्मियों पर आंच नहीं आएगी
उन्होने कहा कि भाजपा कुर्सी की राजनीति नहीं करती है। इस दल के लिए सब से पहले देश है। देश पर आंच नहीं आने देंगे। प्रत्येक कार्यकर्ता इसके लिए समर्पित है। सरकार भी जल्द ही कुछ ठोस कदम उठाएगी। विपक्ष को अनायास बयानबाजी से बचना चाहिए। वह भी ऐसा कदम उठाए जिससे वैश्विक परिदृश्य पर संदेश जाए कि हम एक हैं। सनातन परंपरा और संस्कृति पर आंच नहीं आने देंगे। सनातन धर्मियों पर भी कोई आंच नहीं आएगी।
भाजपा नेता बोले- 90 के दशक की स्थितियां नहीं आने पाएंगी
बोले कि सत्ताधारी दल से जुड़ाव के नाते यह मैं कह सकता हूं कि 90 के दशक की स्थितियां नहीं आने पाएंगी। अब अनुच्छेद 370 खत्म हाे गया है। कश्मीर के नागरिकों की रक्षा के लिए कन्याकुमारी तक के लोग आगे आएंगे। किसी भी तरह की विवशता को आड़े नहीं आने देंगे। इस आतंकवाद के लिए जिम्मेदार लोगो को सख्त सजा दी जाएगी। अभी वक्त है सुधर जाएं। अपनी हरकतों से बाज आएं। जरूरत पड़ेगी तो सरहद पार कर भी आतंकवाद का मुंह तोड़ जवाब दिया जाएगा। इससे पहले भी इस तरह के कदम उठाए जा चुक हैं। यदि समय रहते नहीं माने तो और भी गंभीर कार्रवाइयां होंगी। पूरी दुनिया देखेगी।
सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प
भाजपा किसान मोर्चा की कार्य समिति की बैठक जिला कार्यालय में हुई। विशिष्ट अतिथि काशी क्षेत्र किसान मोर्चा के मीडिया प्रभारी ज्ञानेश जोशी रहे। उन्होंने संगठन की एकजुटत पर बल दिया। इस अवसर पर मोर्चा के महानगर अध्यक्ष राजेश सिंह पटेल, महामंत्री सनी सिंह ने केंद्र सरकार की नीतियों को जन जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। बैठक में उदित शुक्ला, संजय सिंह, प्रदीप कुमार, लाल चंद कुशवाहा, प्रदीप कुमार गुप्ता, सुशील मिश्रा आदि मौजूद रहे।