भाजपा महानगर अध्यक्ष बोले-देश के किसानों को भ्रमित कर विरोधी ताकतों को बढ़ावा दे रहा विपक्ष
भाजपा के प्रयागराज महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने कहा कि विपक्ष देश की आर्थिक व्यवस्था को चोट पहुंचा रहे हैं। किसान हमारा अन्नदाता है और उसके अधिकारों की रक्षा करने व उसकी सुविधाओं के लिए केंद्र की सरकार निरंतर तत्पर है।
प्रयागराज, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने कहा कि विपक्ष कृषि बिल के आंदोलन को लेकर देश के अंदर अराजकता फैलाना चाह रहा है। देश के किसानों को भ्रमित करके देश विरोधी ताकतों को बढ़ावा देने का काम कर रहा है। आरोप लगाया कि हमारे देश का किसान जो अन्नदाता है, उसे पूजा जाता है। ऐसे में उस किसान को अपमानित करने का कार्य कर रही है।
गणेश केसरवानी किसानों को नैनी में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विपक्ष देश की आर्थिक व्यवस्था को चोट पहुंचा रहे हैं। किसान हमारा अन्नदाता है और उसके अधिकारों की रक्षा करने व उसकी सुविधाओं के लिए केंद्र की सरकार निरंतर तत्पर है। बोले कि इस नए कृषि कानून से किसी भी कीमत पर न्यूनतम समर्थन मूल्य को हटाया नहीं जाएगा। किसानों को इस कानून से स्वतंत्रता प्राप्त होगी कि वह किसी भी मंडी में जाकर, जहां उचित मूल्य मिले वहां अपने फसल को बेच सकते हैं। इससे अगर किसी को नुकसान है तो वह केवल बिचौलियों को है।
कार्यकर्ताओं को साथ चलने की दी नसीहत
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के नसीहत के बाद महानगर अध्यक्ष ने भी कार्यकर्ताओं को साथ चलने की नसीहत दी। कहा कि जो संगठन का मर्मज्ञ होता है। वही संगठन का प्रभारी होता है। मंडल के संपूर्ण गतिविधियों में उसकी प्रमुख भूमिका होती है इसीलिए चुनाव में हार और जीत की सारी जिम्मेदारी मंडल प्रभारियों की होती है। उसी की बदौलत ही हम चुनाव जीतते हैं।