BJP नेता विभवनाथ भारती बोले- किसान सम्मान निधि योजना प्रमाण है कि भाजपा किसानों की हितैषी
भाजपा प्रयागराज यमुनापार जिलाध्यक्ष विभवनाथ भारती ने कहा कि देखने में किसान सम्मान निधि छोटी सी रकम है लेकिन कठिन समय में यह बड़ी राहत है। मोदी सरकार देश के किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये सीधे खाते में भेजकर सहयोग देने व सम्मान देने का काम कर रही है।
प्रयागराज, जेएनएन। भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार सब का साथ सब का विकास सूत्र पर काम कर रही है। खासकर किसानों की हितैषी यही पार्टी है। यह सरकार चाहती है कि किसान आत्मनिर्भर हों। उसी दिशा में तमाम योजनाएं लागू की जा रही हैं। किसान सम्मान निधि योजना भी इसी का हिस्सा है। यह बातों यमुनापार जिलाध्यक्ष विभवनाथ भारती ने कही।
किसान सम्मान निधि की आठवीं किस्त जारी होने पर जताई खुशी
भाजपा नेता विभवनाथ भारती ने किसान सम्मान निधि की आठवीं किस्त जारी होने पर खुशी जताई। किसानों को बधाई दी। कहा कि लाभार्थी किसानों में रुपये बांटे जा रहे हैं। अब तक की किसी भी सरकार ने किसानों के लिए कुछ नहीं किया। जबकि लघु और सीमांत किसान निरंतर कठिनाई से जूझ रहे। देखने में किसान सम्मान निधि छोटी सी रकम है लेकिन कठिन समय में यह बड़ी राहत है। मोदी सरकार देश के साढ़े नौ करोड़ किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये सीधे खाते में भेजकर सहयोग देने व सम्मान देने का काम कर रही है। यह योजना किसानों का मनोबल बढ़ाने वाली है।
भाजपा महानगर अध्यक्ष बोले, किसान सम्मान निधि से मिल रही ऊर्जा
भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने कहा कि किसानों को मिलने वाली यह रकम उनमें ऊर्जा का संचार करेगी। खाद, बीज की छोटी छोटी जरूरतों को इस महामारी के दौर में पूरा करेगी। देश का किसान अब जैविक खेती की ओर लौटने लगा है। इससे पर्यावरण को सुधारने में भी मदद मिलेगी। केंद्र सरकार का लक्ष्य है कि देश का किसान खुशहाल हो। आखिर उसी के कंधे पर पूरे देश का भार है और वही दुखी हो तो खुशहाल देश की कल्पना संभव नहीं है।