भाजपा की पूर्व महानगर अध्यक्ष ने दी सलाह- यह समय राजनीति का नहीं, लोगों की मदद करने का है
भाजपा की पूर्व महानगर अध्यक्ष ने कहा कि यह समय वास्तव में राजनीति करने का समय नहीं लोगों की मदद करने का है। दुर्भाग्य है कि विपक्ष टांग खींचने में जुटे हैं। यदि इसी ऊर्जा का प्रयोग वह लोगों की मदद करने में करें तो समाज का भला हो जाएगा।
प्रयागराज, जेएनएन। कोरोना वायरस महामारी से इन दिनों पूरा देश जूझ रहा है। इस समय लोगों को एक-दूसरे की मदद करनी चाहिए। जब तक ऐसा नहीं होगा तब तक हालात नहीं सुधारे जा सकते। यह कहना है भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रयागराज की पूर्व महानगर अध्यक्ष शशि वार्ष्णेय का।
बोलीं, दुर्भाग्य हे कि विपक्ष के लोग टांग खींचने में जुटे हैं
भाजपा की पूर्व महानगर अध्यक्ष ने कहा कि यह समय वास्तव में राजनीति करने का समय नहीं लोगों की मदद करने का है। दुर्भाग्य है कि विपक्ष के लोग टांग खींचने में जुटे हैं। यदि इसी ऊर्जा का प्रयोग वह लोगों की मदद करने में करें तो समाज का भला हो जाएगा। कांग्रेस, सपा, बसपा सहित सभी दल सिर्फ अपनी कुर्सी के बारे में सोच रहे हैं। ऐसा करना किसी भी लोकतांत्रिक देश के लिए ठीक नहीं है। कम से कम दुनिया के और देशों को भी हम देखें तो नसीहत मिलती। यहां सभी विपक्षी आपदा को अवसर के रूप में देख रहे हैं।
भाजपा महानगर अध्यक्ष बोले- विपक्ष कितना भी दुष्प्रचार करें, जनता सब जानती है
महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने कहा कि विपक्ष चाहे जितनी नकारात्मकता फैला ले, कुछ नहीं होगा। जनता सब जानती है। उसे पता है कि केंद्र और प्रदेश की सरकार कम समय में अधिक से अधिक सुविधाएं दे रही है। अच्छे प्रबंधन का नतीजा है कि ऑक्सीजन के संकट को खत्म कर सके। दवाओं को भी सभी तक पहुंचाने का प्रयास हो रहा है। देशभर के लोगों को जल्द से जल्द टीका लगाने के भी उपाय किए जा रहे हैं। ऐसे में विपक्ष की कोई साजिश सफल नहीं होगी।