Bird Flu Virus : साहब! छत से नहीं उड़ रहा कबूतर, आकर देखिए...घबराए लोग कर रहे फोन
बर्ड फ्लू की दस्तक से हर कोई सशंकित है। इसके लिए यहां हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया। इस पर ज्यादातर कॉल पक्षी की गतिविधियों में बदलाव और चिकन व अंडा खाने को लेकर बात की जा रही है। साहब! छत पर कबूतर बैठा है वह उड़ नहीं पा रहा है।
प्रयागराज, अतुल यादव। साहब ! मेरी छत पर कबूतर है। वह कोई हरकत नहीं कर रहा है। प्लीज टीम भेजिए...। हेलो सर! मेरी गली में कौए की मौत हो गई है। प्लीज इसे दिखवाएं, कहीं इसे बर्ड फ्लू तो नहीं। हेलो सर क्या प्रयागराज में भी बर्ड फ्लू का केस पाया गया है ? इन दिनों इस तरह की कॉल पशु चिकित्सा विभाग के कंट्रोल रूम की हेल्पलाइन नंबर पर आ रही है।
बर्ड फ्लू के लिए बने हेल्पलाइन नंबर पर आ रही ऐसी सूचनाएं
दरअसल, बर्ड फ्लू की दस्तक से हर कोई सशंकित है। इसके लिए यहां हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया। इस पर ज्यादातर कॉल पक्षी की गतिविधियों में बदलाव और चिकन व अंडा खाने को लेकर बात की जा रही है। साहब! छत पर कबूतर बैठा है, वह उड़ नहीं पा रहा है। उसकी हरकत बीमार जैसी लग रही है। आप टीम भेजकर जांच करा लीजिए। यह कहना था तेलियरगंज के अरविंद का। टीम पहुंची तो कबूतर मौके पर नहीं था। फाफामऊ 40 नंबर गोमती के हिमांशु यादव ने फोन कर बताया कि उनके घर के सामने कौआ पड़ा है। वह अचानक पेड़ से गिर गया है। उसकी तबीयत नासाज नजर आ रही है। टीम भेजकर उसे ले जाइए। अल्लापुर के मंजीत यादव ने कंट्रोल रूम में कॉल कर पूछा कि पड़ोसी ने मुर्गी पालन किया है, इससे बर्ड फ्लू का संक्रमण तो नहीं फैलेगा? इस तरह के कई कॉल हेल्पलाइन नंबर पर आ रही है।
पशु चिकित्साधिकारी का है कहना
टीमें गठित की गई हैं। इसके अलावा कंट्रोल रूम की हेल्पलाइन (8953995402, 7017636663 व 0532-2548827) भी जारी की गई है। कहीं भी पक्षियों की गतिविधियां संदिग्ध दिखे तो कॉल कर सूचना दें। टीम भेजकर जांच कराई जाएगी।
- डॉ. आरपी राय, पशु चिकित्साधिकारी