सीएए के समर्थन में भाजयुमो बनाएगा मानव श्रृंखला Prayagraj News
मानव श्रृंखला बंधवा वाले लेटे हनुमान मंदिर से संगम तट तक दोपहर में 12 बजे से बनाई जाएगी। अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष विनय मिश्र तथा संचालन महामंत्री शिवम मिश्रा ने किया।
प्रयागराज,जेएनएन। नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में भारतीय जनता युवा मोर्चा मानव श्रृंखला बनाएगा। इसको लेकर बुधवार को सर्किट हाउस में हुई बैठक में तैयारियों की समीक्षा की गई। साथ में पदाधिकारियों को जिम्मेदारी भी सौंपी गई।
विरोधी दल फैला रहे हैं भ्रम
भाजयुमो के क्षेत्रीय अध्यक्ष राजेश राजभर ने कहा कि केंद्र सरकार का यह निर्णय अफगानिस्तान, पाकिस्तान और बांग्लादेश में प्रताडि़त अल्पसंख्यक समाज के लिए है। विरोधी दलों द्वारा प्रायोजित रूप से समाज में भ्रम फैलाया जा रहा है। इसके लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से मानव श्रृंखला बनाकर विरोधियों को संदेश देने का काम किया जाएगा। मानव श्रृंखला बंधवा वाले लेटे हनुमान मंदिर से संगम तट तक दोपहर में 12 बजे से बनाई जाएगी। अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष विनय मिश्र तथा संचालन महामंत्री शिवम मिश्रा ने किया। इसमें अनिरुद्ध सिंह पटेल, शैलेंद्र मौर्य, श्रेयम भार्गव, मयंक जायसवाल, नरसिंह, पुष्पराज पटेल मौजूद रहे।
सीएए में राज्यों को संशोधन का अधिकार ही नहीं
हिंदू जागरण मंच कालिंदीनगर की ओर से नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें मुख्य वक्ता महानगर अध्यक्ष राजेश त्रिपाठी ने कहा कि भ्रम फैलाया जा रहा है। अध्यक्षता अध्यक्षता पवन श्रीवास्तव ने की। इसमें मनीष पांडेय, सौरभ, निरंकार त्रिपाठी, शिव गोपाल, अमित शामिल रहे।
भाजपा नैनी मंडल की कार्यकारणी घोषित
भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी के निर्देश पर बुधवार को नैनी मंडल अध्यक्ष दिलीप केसरवानी ने अपनी कार्यकारणी की घोषणा की। दिलीप केसरवानी के मुताबिक रामजी मिश्रा और ओम प्रकाश मिश्रा को महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गयी है, जबकि लल्लूराम प्रजापति, शिवदानी पटेल, अनुराधा सिंह, सुरेश पटेल, शत्रुध्न यादव और सुनील केसरवानी को उपाध्यक्ष बनाया गया है। विद्या सिंह, शुभमपाल,विनोद शंकर त्रिपाठी, विजय राय, धर्मेंद्र भारतीय को मंत्री पद मिला है। कोषाध्यक्ष का दायित्व दुर्गेश मिश्रा के कंधे पर होगी।