एनसीजेडसीसी के प्रेक्षागृह में फिर दिखा 'दिव्य कुंभ भव्य कुंभ' Prayagraj News
कुंभ मेला 2019 को कौन भूल सकता है। वहीं इसे एक बार और जीवंत करने के लिए एनसीजेडसीसी के प्रेक्षागृह में प्रदर्शनी लगाई गई। इससे एक बार फिर इस विशेष अवसर की यादें जीवंत हुईं।
प्रयागराज, जेएनएन। कुंभ मेला 2019 की चमक-धमक और आभा करोड़ों लोगों के दिलों में है। देश और विदेश से यहां आकर गंगा, यमुना के संगम में लोगों ने आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित किया था। यही यादें शहरवासियों के लिए एक बार फिर नए कलेवर में दिखीं। आयोजन था एनसीजेडसीसी के प्रेक्षागृह में प्रदर्शनी का।
समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों सहित तस्वीरों को लगाया गया
एनसीजेडसीसी के प्रेक्षागृह में दिव्य कुंभ-भव्य कुंभ एक बार फिर अपनी आभा बिखेरता नजर आया। यहां कुंभ 2019 की यादों को ताजा करने के लिए कुंभ मेला प्राधिकरण और हरिश्याम मानव कल्याण शिक्षा एवं शोध संस्थान ने संयुक्त रूप से प्रदर्शनी का आयोजन किया। इसमें विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों सहित तस्वीरों को लगाया गया है। उद्घाटन किन्नर अखाड़ा की आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने किया।
प्रदर्शनी में एलईडी पर कुछ अद्भुत नजारे वाली तस्वीरों को दिखाया जा रहा
इस अवसर पर स्वामी लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने कहा कि प्रदर्शनी में जिस तरह से खबरों को स्कैन करके लगाया गया है वह हूबहू है। अधिक से अधिक लोगों को इस प्रदर्शनी को देखना चाहिए। प्रदर्शनी में एलईडी पर कुछ अद्भुत नजारे वाली तस्वीरों को दिखाया जा रहा है। आयोजन समिति के सचिव राजीव कुमार मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत किया। संयोजक पवन द्विवेदी ने प्रदर्शनी के उद्देश्य और संग्रहित तस्वीरों पर चर्चा की। बताया कि प्रयागराज के मंडलायुक्त डॉ. आशीष गोयल मंगलवार को प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। प्रदर्शनी 26 सितंबर तक लगी रहेगी। इस दौरान पूर्व मंडलायुक्त आरएस वर्मा (सेवानिवृत्त), पूर्व अपर आयुक्त कृष्ण चंद्रा, जितेंद्र कुमार, किन्नर अखाड़े की प्रयाग पीठाधीश्वर टीना मां और मोना मां सहित अन्य लोग भी शामिल रहे। संचालन प्रभाकर त्रिपाठी ने किया।
अखाड़े को बदनाम करने की साजिश
किन्नर अखाड़े की आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने कुंभ के दौरान अखाड़े में महिलाओं से छेड़छाड़ के लगे गंभीर आरोप पर कहा कि कुछ लोग उन्हें ब्लैक मेल करना चाहते थे। वही अब अखाड़े को बदनाम कर रहे हैं। कहा कि लाखों लोगों ने अखाड़े में आकर दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त किया लेकिन, एक महिला ही अखाड़े को बदनाम कर रही है।