Ayodhya SriRam Mandir: श्रीराम मंदिर निर्माण में सहयोग करने को आतुर हैं प्रयागराज के लोग, बढ़ रहा कारवां
Ayodhya SriRam Mandir अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए सहयोग राशि संग्रह के लिए इन दिनों जगह-जगह विहिप व आरएसएस के कार्यकर्ता निकल रहे हैं। वे लोगों से मंदिर के लिए सहयोग राशि देने का आह्वान कर रहे हैं। इनका फूल मालाओं से स्वागत भी हो रहा है।
प्रयागराज, जेएनएन। अयोध्या में दिव्य और भव्य मंदिर निर्माण की चाहत सभी में नजर आ रही है। हर कोई करीब 500 साल के संघर्ष के बाद बनने वाले इस मंदिर में अपना सहयोग करने को आतुर है। ऐसे में सहयोग राशि देने वालों की सूची प्रयागराज जनपद में लगातार बढ़ रही है। हर कोई उत्साह से आर्थिक सहयोग कर रहा है।
राज्य विधि अधिकारी रीमा गुप्ता व अविनाश गुप्ता ने राम मंदिर निर्माण के लिए एक लाख रुपये की सहयोग राशि दी। इस दौरान शिव कुमार पाल, सोशल मीडिया आयाम प्रमुख दक्षिण भाग के विष्णु जायसवाल भी मौजूद रहे। इसी क्रम में शंभू लाल गुप्त ने 11000 रुपये की सहयोग राशि विभाग सह संघ चालक शिव कुमार पाल को सौंपी। विष्णु कुमार जायसवाल ने भी 11000 रुपये का चेक मंदिर के लिए दिया।
सहयोग राशि संग्रह कर रहे विहिप व आरएसएस कार्यकर्ता
अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए सहयोग राशि संग्रह के लिए इन दिनों जगह-जगह विहिप व आरएसएस के कार्यकर्ता निकल रहे हैं। वे लोगों से मंदिर के लिए सहयोग राशि देने का आह्वान कर रहे हैं। इन कार्यकताओं का कई जगहों पर फूल मालाओं से स्वागत भी हो रहा है।
धन संग्रह टोली का फूल मालाओं से स्वागत
समर्पण निधि विभा सह संघ चालक शिव कुमार ने बताया कि प्रयाग दक्षिण में एक परिवार के पास जाने पर लोगों ने आने का प्रयोजन पूछा। उन्हें बताया गया कि निधि संग्रह के लिए आए हैं तो सभी भावविभोर हो उठे। श्रीराम का सेवक मानकर फूल मालाओं से स्वागत किया गया। परिवार के सदस्यों ने 11000 रुपये का चेक भी सौपा। देव प्रयागम निवासी जय प्रकाश गुप्त ने 11000 रुपये की सहयोग राशि मंदिर के लिए दी। इस मौके पर रामेश प्रसाद, चारु मिश्र व संजय मौजूद रहे। इसी क्षेत्र के कृष्ण कुमार मौर्य ने भी 11000 रुपये की सहयोग राशि का चेक दिया।