सराय इनायत में पुलिस पर हमला, पथराव में सिपाही घायल, 10 आरोपित गिरफ्तार Prayagraj News
पीआरवी के हेड कांस्टेबल संपत कुमार द्विवेदी सिपाही ज्ञान प्रकाश समेत अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। आरोप है कि समझाने पर झगड़ा कर रहे लोग पुलिसकर्मियों से उलझ गए।
प्रयागराज, जेएनएन। विवादित भूमि को लेकर झगड़ा करने से रोकने पर कुछ लोगों ने शनिवार की रात में पुलिस पर हमला कर दिया। पुलिसकर्मियों को दौड़ाकर उन पर पथराव भी किया गया। हमले में सिपाही ज्ञान प्रकाश गंभीर रूप से जख्मी हो गया। बवाल की खबर मिलते ही सीओ समेत कई थाने की फोर्स मौके पर पहुंची और हमलावरों को खदेड़ा। मामले में 12 लोगों के विरुद्ध मुकदमा कायम करते हुए 10 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।
दो पक्षों में भूमि विवाद की सूचना पर पहुंची थी पुलिस
घटना शनिवार रात सराय इनायत थाना क्षेत्र के बीकापुर गांव की है। बीकापुर निवासी दीपक यादव और उसके पट्टीदार भोला उर्फ अभय यादव के बीच जमीन को लेकर विवाद है। कहा जा रहा है कि शनिवार की देर शाम उनके बीच फिर झगड़ा हुआ। विवाद बढऩे पर दोनों पक्षों से तमाम लोग जुट गए और मारपीट पर उतारू हो गए। खबर पाकर पीआरवी के हेड कांस्टेबल संपत कुमार द्विवेदी, सिपाही ज्ञान प्रकाश समेत अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। आरोप है कि समझाने पर झगड़ा कर रहे लोग पुलिसकर्मियों से उलझ गए। गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला कर दिया।
ईंट से हमला कर सिपाही को जख्मी किया गया
सिपाही वहां से भागने लगे तो उन पर पथराव शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने ज्ञान प्रकाश को पकड़कर ईंट से हमला कर दिया जिससे उसका सिर फूट गया और दांत भी टूट गए। पुलिस पर हमले की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी और कई थाने की फोर्स मौके पर पहुंची। आनन-फानन में जख्मी सिपाही को अस्पताल भेजा गया और कई लोगों को पकड़ लिया गया।
बोले सरायइनायत थाने के इंस्पेक्टर
इंस्पेक्टर सराय इनायत का कहना है कि हेड कांस्टेबल संपत द्विवेदी की तहरीर पर दोनों पक्षों से शिवानी यादव, नीलम यादव, रिंकू, सुनीता, पूनम, दीपक, संजय, भोला, निर्भय और सिरभय समेत दो अन्य के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा लिखा गया है। निर्भय व उसका भाई सिरभय फरार हैं, बाकी नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है।