MLA Raju Pal Murder Case के गवाह के भतीजे पर प्रयागराज में हमला, हमलावरों में एक प्रतापगढ़ का सिपाही भी
प्रयागराज में जयंतीपुर निवासी कृष्ण कुमार पाल उर्फ उमेश पाल विधायक राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह हैं। उमेश पाल के भतीजे को कुछ लोगों ने उसे रास्ते में घेर लिया। सभी उस पर टूट पड़े और सरिया से पीटकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रयागराज में विधायक राजूपाल हत्याकांड के गवाह उमेश पाल के भतीजे पर सोमवार की रात हमला किया गया। शहर में धूमनगंज थाना क्षेत्र के साकेत नगर के समीप हमला किया गया। सरिया से पीटकर उसे लहूलुहान कर दिया गया। मामले में कई के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इसमें एक सिपाही भी शामिल है। पुलिस आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है। हालांकि अभी तक कोई पकड़ में नहीं आ सका है।
विधायक राजूपाल हत्याकांड के मुख्य गवाह हैं उमेश पाल
जयंतीपुर के रहने वाले कृष्ण कुमार पाल उर्फ उमेश पाल विधायक राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह हैं। उनका कहना है कि उनका भतीजा सौरभ साकेत नगर में रहता है। उमेश पाल का कहना है कि देर रात उनका भतीजा घर लौट रहा था। उसी समय रास्ते में कुछ लोगों ने उसे घेर लिया। सौरभ कुछ समझ पाता, इससे पहले सभी उस पर टूट पड़े और सरिया से पीटकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वह बेहोश हो गया तो हमलावर भाग निकले। इसके बाद सूचना पाकर वे मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल ले गए।
कई पर केस दर्ज, पुलिस कर रही आरोपितों की तलाश
मामले में पुलिस ने अश्वनी, अजीत, सुभाष यादव और आशीष समेत कई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इसमें सुभाष यादव पुलिस विभाग में सिपाही है। वह प्रतापगढ़ जनपद में तैनात है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के मुताबिक रिपोर्ट दर्ज कर आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है। घटना किन कारणों से हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन पुरानी रंजिश को लेकर वारदात होने की आशंका है।